मधुबनी के वार्ड 11 में सफाईकर्मी नहीं:नालियों में पानी का जमाव, दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
नालियों की साफ-सफाई न होने से ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
मधुबनी पंचायत के वार्ड संख्या 11 में सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति से स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों की बहाली की घोषणा के कई महीने बाद भी वार्ड में किसी कर्मी की तैनाती नहीं हुई है। इसके कारण पूरे वार्ड में कचरे का अंबार लग गया है।
नालियों की सफाई न होने से जलजमाव की स्थिति बन गई है। दुर्गंध और मच्छरों के कारण बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार वार्ड सदस्य और पंचायत प्रतिनिधियों से शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सोमवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सफाईकर्मी की तैनाती नहीं की गई तो वे प्रखंड कार्यालय का घेराव करेंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सफाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।
