Featured

दरभंगा में स्नातक शिक्षक निर्वाचन सूची की तैयारी तेज:जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, 10 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने तैनात सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस परिसर के बाहर निरंतर निगरानी रखें और सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें।

बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची तैयार करने को लेकर समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में नामित पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बैठक में बताया गया कि दावा, आपत्ति दाखिल करने की अवधि 25 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों का निष्पादन संबंधित सहायक निर्वाची पदाधिकारी अपने आवंटित स्थान पर उपस्थित रहकर करेंगे।

उपनिर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी प्रत्येक कार्य दिवस में कार्यालय समय के दौरान अपने–अपने मतदान केंद्र पर उपस्थित रहकर दावा-आपत्ति प्राप्त करें।

प्रशिक्षण देते जिलाधिकारी

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आवश्यक प्रक्रिया

  • आवेदन फॉर्म-18 में किया जाएगा
  • निर्वाचक सूची की अर्हता तिथि 01.11.2025 है
  • आवेदक को अर्हता तिथि से पहले संबंधित क्षेत्र में निवास करना आवश्यक है
  • 01.11.2022 के पूर्व किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य
  • प्रमाणपत्र/मार्कशीट की सत्यापित प्रति (डिग्निटी ऑफिसर/नॉटरी पब्लिक द्वारा) संलग्न करना होगा
  • बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बल्क में किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रक्रिया

  • आवेदन फॉर्म-19 में किया जाएगा
  • अर्हता तिथि 01.11.2025 निर्धारित है

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी पदाधिकारी निर्वाचन संबंधी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें और दावा, आपत्ति से जुड़े सभी कार्य पारदर्शी व सुचारू रूप से संचालित करें।

ईधर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार ने आज समाहरणालय स्थित ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस के बाहरी हिस्से की सुरक्षा व्यवस्था, संरक्षा उपायों तथा निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण करते जिलाधिकारी

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने तैनात सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस परिसर के बाहर निरंतर निगरानी रखें और सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें।

निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *