Featured

CMR आपूर्ति में लापरवाही पर मधुबनी डीएम सख्त:10 अगस्त तक आपूर्ति का निर्देश, डिफॉल्टर पैक्स और मिलरों पर होगी FIR

मधुबनी में खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के तहत कस्टम मिल्ड राइस (CMR) की धीमी आपूर्ति का का मामला सामने आया है। इस पर मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को डीआरडीए सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक हुई।

इस बैठक में डीएम ने संबंधित अधिकारियों, पैक्स अध्यक्षों और मिलरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 10 अगस्त 2025 तक शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करें, अन्यथा प्राथमिकी और आर्थिक वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में 107 लॉट की आपूर्ति अब तक लंबित

जिला सहकारिता पदाधिकारी सुदर्शन कुमार ने जानकारी दी कि जिले के 70 पैक्सों के कुल 107 लॉट की सीएमआर आपूर्ति अब तक अधूरी है। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की और विशेष रूप से बिशनपुर, कोरहिया और बरुआर पैक्स सहित रिया राइस मिल एवं लोहट राइस मिल के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।

डिफॉल्टरों के कार्यालयों में चस्पाएं जाएंगी नोटिस

डीएम शर्मा ने निर्देश दिया कि जिन पैक्सों की आपूर्ति लंबित है, उनके कार्यालय में नोटिस चस्पा किया जाए और उसकी ऑडियो/वीडियोग्राफी कर रिपोर्ट प्रतिदिन जिला सहकारिता पदाधिकारी को सौंपी जाए। उन्होंने कहा, “प्रशासनिक शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक के दौरान बेनीपट्टी के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी सुरेश राम द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर डीएम ने उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा।

एफआईआर और वसूली की चेतावनी

डीएम ने स्पष्ट कहा कि जो पैक्स या मिल सीएमआर आपूर्ति में डिफॉल्टर पाए जाएंगे, उनके खिलाफ बिहार सहकारिता अधिनियम 1935 की धारा 41 के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी और आर्थिक वसूली की कार्रवाई भी होगी।

इस बैठक में राज्य खाद्य निगम के प्रबंधक अजितेंद्र किशोर, जिले के सभी बीसीओ, मिलर, और पैक्स अध्यक्ष मौजूद थे। डीएम ने अंत में सभी को कर्तव्यनिष्ठा और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *