बिहार में वार्ड सदस्य के बेटे की हत्या से सनसनी, बगीचे में पेड़ से लटका मिला शव।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। वार्ड सदस्य जग्गू भगत के पुत्र उदय कुमार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। आज सुबह, उदय का शव उनके गांव श्रीपुर नवादा, वार्ड संख्या 4 के आम के बगीचे में पेड़ से लटका हुआ मिला।
शव को सबसे पहले खेत पर काम करने गए एक किसान ने देखा, जिसके बाद शोर मच गया और सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। मृतक की मां, सोनी देवी, ने पुलिस को बताया कि शाम को उदय का दोस्त अपाची बाइक से उसे बुलाकर ले गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोस्त ने नशे में उसे बहला-फुसलाकर रात में हत्या कर दी और शव को पेड़ से लटका दिया। पकड़ीदयाल थाना अध्यक्ष अशोक शाह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी रखी है।
