Featured

मधुबनी में 9वीं की छात्रा से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार:खेत से अगवा कर ले गए थे, पंचायत ने 1.50 लाख में तय की इज्जत की कीमत।

मधुबनी के फुलपरास थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते 14 जुलाई को एक नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़ित नाबालिग लड़की की मां ने सोमवार को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद पीड़िता की मां ने पहले ग्राम कचहरी में शिकायत की। सरपंच ने आरोपियों को बुलाया, लेकिन वे नहीं आए। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी। समाज के कुछ लोगों ने पंचायत बुलाकर 1.50 लाख रुपए में मामला रफा-दफा करने की कोशिश की। आरोपी पक्ष ने न पैसे दिए और न ही न्याय होने दिया।

पीड़ित नाबालिग के मां द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार बताया गया है कि छात्रा धान की खेत देखने गई थी, गांव के ही राजेश ततमा (20 वर्ष), सुधीर महतो (22 वर्ष) एवं अन्य दो युवकों ने जबरन बाइक पर बैठाकर कमर में चाकू सटाकर दुपट्टा से मुंह बांध दिया।

चाकू दिखाकर वारदात को दिया अंजाम पीड़िता ने बताया कि जान मारने का भय दिखाकर राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के पास सुनसान जगह पर ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर उसी तरह कमर में चाकू सटाकर भयभीत करने के उद्देश्य से गांव में चौक के निकट बीच सड़क पर बाइक से उतार दिया। जिसके बाद वह रोती बिलखती घर आई और मां को आप बीती सुनाई।

जान से मारने की दी धमकी

थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पीड़ित नाबालिग लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पीड़िता की मां ने फुलपरास थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर फुलपरास एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले में पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक पहले से ही समाज में अशांति फैलाते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *