Featured

दूल्हा बनने वाले थे सलमान, आज मुंबई लौटने से पहले किसी ने घोंप दिया चाकू।

बिहार के मधुबनी में सलमान की हत्या हो गई. इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 

मधुबनी से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. यहां सोमवार की सुबह सलमान नाम के एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी है. बताया जा रहा है कि सलमान तय शादी से दो महीने पहले घर लौटे थे. घटना पंडौल थाना क्षेत्र के नाहर मोइन टोला गांव की है. 27 वर्षीय सलमान की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है.

 

मृतक के परिजन मुन्ना ने बताया कि सलमान मुंबई में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी में घर आया था. आज तड़के घर पर सोए सलमान पर अचानक धारदार हथियार से हमला हुआ. अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी हमला कर भाग निकला. परिजनों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल मधुबनी लाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

 

सलमान की मौत से मां बहन समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिवार वालों के अनुसार, सलमान बेहद शांत स्वभाव का था और घर का इकलौता कमाने वाला था. उसकी शादी दो महीने के बाद तय थी और सलमान आज ही मुंबई लौटने वाला था.

 

परिजनों ने बताया कि सलमान की पुरानी रंजिश चल रही थी. मोहल्ले के ही आफताब नामक युवक और उसके ग्रुप के साथ पहले भी विवाद हुआ था. सलमान पर दुकान जलाने और मारपीट का आरोप भी इसी ग्रुप पर लगाया गया है. मृतक की मां के अनुसार, कुछ दिन पहले ही आफताब ने धमकी दी थी कि तुझे जान से मार देंगे. जिससे परेशान होकर सलमान मुंबई चला गया था. पंडौल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है.

 

मृतक के मामा मोहम्मद मुन्ना ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि सलमान बहुत ही गरीब और मेहनती लड़का था. जिसने उसे मारा है, उसे फांसी की सजा दी जाए. इस दर्दनाक घटना ने सलमान के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. वहीं, एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी आफताब को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *