Featured

सहरसा में अगले 3 दिन तेज बारिश का अलर्ट:13 जुलाई को 20mm से ज्यादा बारिश की चेतावनी, किसानों को धान रोपाई की सलाह।

सहरसा के भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 10 से 13 जुलाई तक के लिए जिले का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। 13 जुलाई को 20 मिमी तक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है।

13 जुलाई को तेज बारिश की संभावना

इन दिनों जिले में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पूर्वी दिशा से 10 से 18 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ह्यूमिडिटी 50 से 80 प्रतिशत तक बनी रहेगी। 12 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश और 13 जुलाई को तेज वर्षा का अनुमान है।

मौसम विभाग ने किसानों को रोपाई शुरू करने की सलाह दी है।
किसानों को दी गई अहम सलाह

कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. देवन कुमार चौधरी के अनुसार, किसानों को मौजूदा मौसम को ध्यान में रखते हुए खेतों की गहरी जुताई कर उन्हें कुछ दिन खुला छोड़ना चाहिए। इससे मिट्टी का सोलराइजेशन होगा और कीटों के अंडे नष्ट हो सकें। मौसम विभाग ने किसानों को रोपाई शुरू करने की सलाह दी है।

धान की 20-25 दिन की नर्सरी वाले किसान अब रोपाई शुरू कर सकते हैं। प्रति स्थान एक या दो पौधे लगाने की सिफारिश की गई है।
बाजरा, रागी, कोदो, सावा, चिना जैसी फसलों में नमी बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
मक्का की 15-20 दिन पुरानी फसल में पहली निराई-गुड़ाई का समय अब उपयुक्त माना गया है।
कम बारिश से चिंता में किसान

डॉ. चौधरी ने बताया कि अब तक बारिश सामान्य से बेहद कम हुई है। अप्रैल माह में 71.8 मिमी, मई माह में 39.9 मिमी, जून माह में 33.1 मिमी और जुलाई में अब तक 10.1 मिमी बारिश हुई है। जबकि सामान्य स्थिति में अब तक 300 मिमी से अधिक वर्षा होनी चाहिए थी। इस वर्ष मानसून की सुस्ती से धान की नर्सरी सूखने लगी है, जिससे किसान परेशान हैं।

तेज हवाओं और संभावित वर्षा को देखते हुए किसानों को जलभराव से फसलों को बचाने की भी सलाह दी गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सिफारिश की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *