चिराग पासवान ने पूर्व जिला जज नरसिंह पासवान को किया सम्मानित। बिहार राज्य नागरिक परिषद में पूर्व जिला जज नरसिंह पासवान को महासचिव नियुक्त किया गया है। इस पद पर उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त होगा। परिषद के अध्यक्ष बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। गोरखपुर के मूल निवासी पासवान का न्यायिक क्षेत्र में विस्तृत अनुभव है। वे जिला जज के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने उपभोक्ता फोरम बेगूसराय के चेयरमैन का दायित्व संभाला है। इसके अलावा शिक्षा न्यायाधिकरण सीतामढ़ी के चेयरमैन के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से उनके पारिवारिक संबंध हैं। नियुक्ति के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पूर्व सचिव संदीप कुमार शाही की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। कार्यकर्ताओं ने एनडीए सरकार और चिराग पासवान का आभार व्यक्त किया। बैठक में ऋषिकेश पांडे, अजित सिंह, मोहन निषाद और धीरेन्द्र पासवान सहित कई नेता उपस्थित थे। सभी ने पासवान को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।





