बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी सरकार, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कर दिया साफ।
‘झारखंड में बदल रही डेमोग्राफी’
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बातचीत के दौरान झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि झारखंड में डेमोग्राफी बदल रही है. यहां 13 जिले घुसपैठियों से प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड में जमाई टोला के बारे में कहा जाता है, ये जमाई टोला क्यों बन रहा है. ऐसे सीएम को क्या कहा जाए, हेमंत सोरेन जो खुद को आदिवासियों का नेता कहते हों और बांग्लादेशी और रोहिंग्या का जमाई टोला बन जाए. ऐसे में क्या कहा जाए.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बयान
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को झारखंड से कोई मतलब नहीं है. वे आदिवासियों के सबसे बड़े दुश्मन हैं, यहां आदिवासियों का अस्तित्व खतरे में है, बांग्लादेशियों का बोलबाला है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड को बंगाल बनाना चाहते हैं, जबकि ममता बनर्जी बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती हैं. यही स्थिति है. झारखंड की जनता को सोचना होगा कि क्या वे झारखंड को बांग्लादेश बनाएंगे? यहां बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुक्त झारखंड के लिए एक क्रांति की जरूरत है.
‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा लड़ेगी चुनाव’
वहीं बिहार विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी. चिराग पासवान भाजपा के सहयोगी हैं, विधानसभा चुनाव में उनका पूरा समर्थन रहेगा. प्रशांत किशोर की नई जन सुराज पार्टी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब पूरी तरह सचेत हो चुकी है, अब ऐसी गलती नहीं करेगी, वोटकटवा पार्टियों का कोई असर नहीं होगा. उन्होंने साफ कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में 200 फीसदी नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी.
