Featured

राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर हुई बैठक


प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 सितंबर को सफल बनाने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव आरती कुमारी ने अधिवक्ता संघ के सदस्यों के साथ बैठक की।
सीजेएम श्री आलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी हितधारकों का सहयोग जरूरी है। अधिक से अधिक मुकदमों के निष्पादन के लिए पक्षकारों को जानकारी के साथ परामर्श भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

उन्होंने सदस्यों से कहा कि सुलह समझौता योग्य मुकदमों के पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटारे के लिए वाद रेफर कराने का सुझाव दें।

सचिव आरती कुमारी ने कहा कि समझौता योग्य मामलों में दोनों पक्षों के अधिवक्ता की सहायता से प्रि काउंसलिंग कराने का प्रयास किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत में शमनीय मुकदमों के साथ साथ बैंक ऋण आदि सहित ट्रैफिक चालान के मामले भी चालान की आधी राशि जमा कर निपटाया जाएगा। बैठक में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र, अधिवक्ता अमरनाथ झा, शिवम कुमार त्रिपाठी, विवेक कुमार सिंह, लोकनाथ गोस्वामी, शिवेन्द्र नाथ, प्रदीप कुमार, कुमारी कविता सिन्हा, विकास कुमार, कुमार शांतनु, गणेश साह, अंकित श्रीवास्तव, चंदा वर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *