घर से किडनैप कर युवक की हत्या,हथेली काटकर ले गए:मुंबई से घर आया था, दोस्तों के साथ की थी पार्टी,आरोपी के घर लोगों का हंगामा।
बेगूसराय में बदमाशों ने एक युवक को अगवा कर उसकी हत्या कर दी। युवक की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है। उसे दो गोली मारी गई है। हत्या के बाद बदमाश अपने साथ बाएं हाथ का पंजा भी काट कर ले गए हैं।
घटना मटिहानी थाना इलाके के जगतपुर बहियार की है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने लाश के साथ आरोपी के घर पर पहुंच कर पांच घंटे तक हंगामा किया।
मृतक युवक के घर से आरोपी का घर 2 किलोमीटर की दूरी पर है। दोनों मुंबई में एक साथ काम करते थे।
परिजनों ने बताया कि, करण कुमार शनिवार की रात में खाना खा रहा था। कुछ बाइक सवार लोग आए और उसे बुलाकर ले गए, लेकिन वो रात में नहीं लौटा।
सुबह में खोजबीन शुरू हुई तो चकबल्ली दियारा और जगतपुरा गांव के बीच बहियार में एक खेत में उसकी लाश फेंकी मिली। करण के छाती और पेट में साइड से गोली मारी गई है। शराब तस्करी को लेकर मर्डर की चर्चा गांव में हो रही है।
जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले गए युवक
मृतक की मां सीता देवी का कहना है कि, बेटा करण मुंबई में मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले गांव आया था, रात में घर में खाना खा रहा था। तभी तीन युवक आए और उसे बाहर बुलाया। वो 3 गाड़ी से थे। हम छत पर से देख रहे थे, जब हम बाहर निकले तो देखा बाइक सवार बेटे को जबरदस्ती अपने साथ बैठाकर ले गए।
वहीं मृतक के पिता का कहना है कि गांव के ही लड़कों ने मर्डर किया है।
मृतक के चचेरे भाई विकास ने बताया कि ‘घर से उठा कर बदमाश ले गए और मर्डर कर दिया। दिलीप के साथ 4 लड़के भाई को उठा कर ले गए थे। सुबह में खेत में लाश मिलने की सूचना मिली।
करण शनिवार की रात अपने साथियों के साथ घर से बाहर गए था। आज सुबह मर्डर हुआ है। परिजनों ने दोस्तों पर मर्डर के आरोप लगाए है। पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
सभी लोग बाहर एक साथ में काम करते थे। गोली मार कर हत्या की गई है। हाथ पर वार किया गया है।
प्रथम दृष्टया से लग रहा है कि रात में करीब 2 बजे यह लोग एक जगह बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान आपसी विवाद में हत्या की गई है। जगतपुरा निवासी हरिओम से पूछताछ किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
