परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई राजकुमार कुमार ने बताया कि नवीन ने महज एक महीने पहले ही केमिकल इंजीनियर के पद पर एचयूआरएल खाद कारखाने में ज्वाइन किया था। परिवार को उसने हाल ही में जानकारी दी थी कि उसकी नौकरी और कामकाज सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है। लेकिन, पुलिस का एक फोन आया, जिसमें बताया गया कि नवीन ने आत्महत्या कर ली है।
राजकुमार ने कहा,-
“जब हम मौके पर पहुंचे, तो हमारे भाई का शव फंदे से लटका हुआ नहीं मिला। उसका शव पहले से ही एंबुलेंस में रखा गया था। हमने जब अधिकारियों और पुलिस से पूछा कि आखिर हुआ क्या है, तो किसी ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।”
मुआवजे की मांग पर हुई धक्का-मुक्की
मृतक के परिजनों ने जब मुआवजे की मांग की, तो मौके पर मौजूद कर्मियों और प्रबंधन की ओर से उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। परिजनों का कहना है कि अगर यह आत्महत्या है, तो फिर पुलिस और कंपनी प्रबंधन की ओर से स्थिति को साफ क्यों नहीं किया जा रहा है?
आर्थिक संकट से जूझ रहा है परिवार
परिजनों ने बताया कि नवीन कुमार अभी अविवाहित था। उसका एक भाई विकलांग है और एक बहन की शादी भी बाकी है। परिवार में वही एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। ऐसे में उसकी मौत से पूरे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। इधर, परिजन पुलिस के रवैये को भी संदिग्ध बता रहे हैं। मृतक के परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।