Tuesday, June 23, 2026
Homeमुहर्रम को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक

मुहर्रम को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक

- Advertisement -

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

- Advertisement -

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाएं-जिलाधिकारी

- Advertisement -

समाहरणालय स्थित भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।

- Advertisement -

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियाँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर आयुक्त को शहर में साफ-सफाई, पेयजल एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सिविल सर्जन को मेडिकल किट उपलब्ध कराने तथा सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय रखने एवं पर्याप्त संख्या में चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि सभी महत्वपूर्ण सुझावों को संज्ञान में लिया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए तथा सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकालें ।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन 24 घंटे सक्रिय रहेगा। मेडिकल टीम लगातार उपलब्ध रहेगी तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान बिजली विभाग को लटके हुए विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही डीएमसीएच में डॉक्टर, एएनएम एवं आवश्यक स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धत कराने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल को विशेष रूप से सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में इसका अनुपालन करेंगे। साथ ही मंदिर एवं मूर्ति स्थलों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

शहरी क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने तथा चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान सभी लोग सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी समुदाय की भावनाएँ प्रभावित हों।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को आवश्यक निर्देश दिए। आवश्यकता अनुसार बसों के रूट में परिवर्तन एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष को अखाड़ा समिति के सदस्यों को ब्रीफ करने को कहा।

सभी थानाध्यक्षों को क्षेत्र में नियमित गश्ती एवं माइकिंग करने तथा नशा सेवन, संग्रह एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध 24 घंटे छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

माननीय महापौर श्रीमती अंजुम आरा ने बताया कि नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

बैठक में जानकारी दी गई कि 26 जून को दशमी मुहर्रम के अवसर पर सभी अखाड़ा दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिलान चौक एवं कर्बला की ओर प्रस्थान करेंगे तथा निर्धारित मार्ग से ही वापसी करेंगे।

शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें बिजली के लटके तारों को दुरुस्त करना, खुले नालों को ढकना, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाना, मेडिकल किट उपलब्ध कराना, बंद स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट चालू करना, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाना, मंदिरों के समीप पुलिस बल की तैनाती, मोटरसाइकिल पर ट्रिपल लोडिंग रोकना एवं रात्रि गश्ती बढ़ाना शामिल आदि रहा।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular