Featuredप्रादेशिक

शादी के पहले लड़की हुई अगवा, लौटने पर ग्रामीणों ने सिर मुंडवा कर घुमाया गांव।

झारखंड: बिहार की सीमा पर स्थित पलामू जिले में एक आदिवासी युवती का सिर मुंडवाकर गांव में घुमाने और उसके साथ मारपीट किये जाने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है.

फिलहाल युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि उसके साथ जो कुछ भी हुआ है, उसके बाद से युवती दहशत में है और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है.

शादी के दिन अचानक हुई गायब, लौटी बारात

पाटन थाना की पुलिस ने बताया कि रविवार को पंचायत बैठाकर ग्रामीणों ने उसका सिर मुंडवा दिया था. उसके बाद उसे गांव में घुमाया गया था. उसके साथ मारपीट भी की गयी थी. दरअसल, पिछले दिनों लड़की की शादी होनी थी. लेकिन, गांव का ही एक शादीशुदा व्यक्ति उसे उठाकर ले गया और गांव में कहीं छिपा दिया. उस दिन बारात लौट गयी. दूल्हा पक्ष के लोगों ने खुद को बेहद अपमानित महसूस किया.

पंचायत ने सुनाया सिर मुंडवाकर गांव में घुमाने का फरमान

पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के जागोडीह गांव की युवती जब रविवार को सामने आयी, तो गांव में पंचायत बैठी. पंचायत ने युवती के बाल कटवाकर उसको गांव में घुमाने का फरमान सुना दिया. ऐसा ही हुआ. अपने साथ हुए इस व्यवहार के बाद से लड़की गायब थी. तीन थाना की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. आखिरकार सोमवार सुबह पाटन और तरहसी थाना के सीमावर्ती इलाके से उसे बरामद किया गया.

 

युवती को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा

पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति ने युवती को शादी से ऐन पहले वहां से गायब कर दिया था, उसने पहले से ही दो शादी कर रखी है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस आदिवासी युवती को उसने शादी से ऐन पहले क्यों भगाया और उसे कहां छिपाकर रखा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *