नेपाल में हनुमान जयंती पर हिंसा के बाद कर्फ्यू, बॉर्डर पर फंसे हैं बिहार के लोग।
नेपाल में हनुमान जयंती पर हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है. इस कारण बिहार के लोग बॉर्डर पर फंस गए हैं.
वीरगंज में हनुमान जयंती पर हुई हिंसा
मोतिहारी: नेपाल के वीरगंज में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर शोभायात्रा निकाली गई. इसी बीच दूसरे समुदाय द्वारा किए गए पथराव के बाद हालात बिगड़ गए हैं. उपद्रवियों ने पत्थरबाजीकी और कई बाइकों को आग के हवाले कर दिया. जिसमें कई श्रद्धालुओं के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए. बिहार के कई लोग रक्सौल और वीरगंज की सीमा पर फंसे हुए हैं.
एसएसबी के जवान अलर्ट:तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए नेपाल प्रशासन ने शहर में कल शाम से लेकर आज मध्यरात्री तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया है. पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा स्थित रक्सौल बॉर्डर पर तैनात एसएसबी के जवान अलर्ट हैं. सीमा पर गश्त भी बढ़ा दी गई है.
वीरगंज में सेना ने संभाला मोर्चा
उपद्रवियों ने की आगजनी और तोड़फोड़:नेपाल पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 4:50 बजे यह झड़प शुरू हुई. हालात बिगड़ने पर शाम 5:40 बजे पुलिस ने पांच सेल आंसू गैस के गोले छोड़े. उपद्रवियों ने एक मोटरसाइकिल और एक फ्रिज को आग के हवाले कर दिया. आगजनी और तोड़फोड़ में 8 से ज्यादा मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गयी.
उपद्रवियों ने बाइकों में लगाई आग
शोभायात्रा के दौरान हुई झड़प:जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम वीरगंज महानगरपालिका वार्ड 2 से विश्व हिंदू परिषद नेपाल की वीरगंज नगर समिति द्वारा शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जैसे ही शोभायात्रा श्रीराम हॉल के पास एक धार्मिक स्थल के पास पहुंची तो नारेबाजी को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों से विवाद हो गया. विवाद झड़प में तब्दील हो गया और पत्थरबाजी का सिलसिला शुरू हो गया. जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
हिंसा में नेपाल पुलिस का कर्मचारी घायल
परसा जिलाधिकारी ने लगाया कर्फ्यू:नेपाल केपरसा जिलाधिकारी गणेश अर्याल ने शनिवार शाम 6:30 बजे से रविवार के दोपहर 12:00 बजे तक कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया था. रविवार को हालात की समीक्षा करने के बाद कर्फ्यू रात बारह बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है. कर्फ्यू वीरगंज महानगर वार्ड नंबर 15 के भेड़ियाही चौक और वार्ड नंबर 25 स्थित सिरसिया पुल तक प्रभावी है.
हिंसा के दौरान कई दुकानों में भी हुई तोड़फोड़
इन क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू:इसके अलावा उत्तर में वीरगंज वार्ड नंबर 14 स्थित गंडक चौक और दक्षिण में वीरगंज वार्ड नंबर 16 स्थित शंकराचार्य गेट रक्सौल वीरगंज मैत्री पुल से पहले के क्षेत्र तक प्रभावी है. कर्फ्यू के दौरान केवल आवश्यक सेवाओं में लगे वाहन और व्यक्ति ही वैध पहचान पत्र व अनुमति पत्र के साथ आवागमन कर सकेंगे. कर्फ्यू उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हिंसा के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति
”रात आठ बजे तक ईदगाह चौक क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों में झड़प जारी रही. जिसके कारण सेना को बुलाना पड़ा. सेना के आने के बाद स्थिति नियंत्रण में है. मामले की जांच की जा रही है. जुलूस में एक अपरिचित युवक ने श्रीराम लिखे झंडे को छीनने की कोशिश की थी. जिसके बाद झड़प की स्थिति बनी और हालात बेकाबू हो गए. कर्फ्यू जारी करने के साथ ही बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी की जा रही है. साथ हीं संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है”. गणेश अर्याल, परसा जिलाधिकारी, नेपाल।
