मधुबनी में अवैध हथियार के साथ तस्कर गिरफ्तार।
घर से 3 देसी कट्टा, पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद
मधुबनी में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। रहिका थाना क्षेत्र से पुलिस ने जगतपुर मुसहरी टोल निवासी बेचन सदाय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार तस्करों के साथ मिलकर अवैध हथियारों का कारोबार कर रहा था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मधुबनी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। इनमें 3 देसी कट्टा, एक पिस्टल, 3 मैगजीन के साथ 12 बोर के 37, 8 एमएम के 6 और 7.6 एमएम के 3 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी रहिका थाना में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। विशेष टीम में रहिका थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। एसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
