दरभंगा जिला के नहेरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर-बरही टोला मार्ग में बदमाशों ने बुधवार की रात एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, भालपट्टी थाना क्षेत्र के नैनाघाट के रहने वाले भाग्यनारायण यादव के बेटे 24 साल के संजय यादव को बदमाशों ने फोन कर घर से बुलाया। इसके बाद संजय अपनी बाइक से बदमाशों से मिलने के लिए घर से निकला। इस बीच उसे बाइक सवार बदमाशों ने नारायणपुर-बरही टोला मार्ग पर रोका और बातचीत के दौरान ताबड़तोड़ उसके सिर में दो गोली मार दी। गोली लगने के बाद संजय बाइक से गिर गया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को उठाकर दरभंगा शहर के बेंता स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने देखने के साथ ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। जब उनसे घटना के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने किसी तरह की जानकारी से इनकार किया और कहा कि संजय की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। गोली किसने मारी, क्यों मारी, इस बारे में हमें कुछ नहीं पता। मृतक के बड़े भाई की 2 मार्च को थी शादी वारदात की जानकारी के बाद सदर एसडीपीओ अमित कुमार मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। घटनास्थल से एक खोखा समेत मृतक की चप्पल और बाइक बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि घटना के पीछे क्या कारण है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि तीन भाई में सबसे छोटा संजय पटना में रहकर पढ़ाई करता है। उसके बड़े भाई की दो मार्च को शादी होने वाली है। इसी को लेकर वह घर आया था। पिता मसाले की दुकान चलाकर अपने परिवार की परवरिश करते हैं।





