समस्तीपुर : 40 दलित परिवारों को बेघर होने का संकट:समस्तीपुर प्रशासन ने गंडक नदी किनारे बसे परिवार को दिया नोटिस, SDO बोलें- जमीन देकर बसाया जाएगा
40 दलित परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।
समस्तीपुर में नगर निगम बनने के बाद अकबरपुर पितोजिया गांव के गंडक नदी बांध किनारे रह रहे 40 दलित परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। इन परिवारों को प्रशासन ने जमीन खाली करने का नोटिस थमा दिया है। सुधा देवी ने बताया कि वो पिछले 40 वर्षों से यहां झोपड़ी बनाकर रह रही हैं। दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। नगर निगम बनने के बाद उन्हें किसी भी समय अतिक्रमण के नाम पर बेदखल किए जाने का डर सता रहा है।
भूमिहीन परिवारों को जमीन देकर बसाया जाएगा : SDO
इस मामले में पीड़ितों ने जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है। सदर SDO दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि शहर में कई लोगों ने बिना अनुमति के सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार के निर्देशानुसार भूमिहीन परिवारों को जमीन देकर बसाया जाएगा और उन्हें सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
