समस्तीपुर : आग लगने से 50 हजार नकद समेत 2 घर जले:शार्ट सर्किट की वजह से लगी आग, पीड़िता बोली- ऑपरेशन के लिए रखे थे पैसे
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के दुबहा गांव के वार्ड 3 मोहल्ला में शुक्रवार रात हुई अगलगी कांड में दो घर जलकर राख हो गए। इस घटना में 50 हजार नगदी के अलावा एक बाइक, कपड़ा अनाज आदि भी जलकर खाक हो गया। अगलगी की सूचना पर जुटे लोगों ने आपसी सहयोग से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
शार्ट सर्किट से लगी आग
घटना के संबंध में पीड़ित शिवानी देवी ने बताया कि रात अचानक ही बिजली के बोड पर हुए शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग लग गई। सभी लोग किसी तरह घर से भाग कर अपनी जान बचाई। घर से उठी चिंगारी से नरेश महतो के घर में भी आग लग गयी।
लोग जब तक संभाल पाते सब कुछ जलकर राख हो गया। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से किसी प्रकार आग पर काबू पाया गया। जिससे आग का फैलाव नहीं हो पाया। अगर ग्रामीण सहयोग नहीं करते तो आसपास के और भी घरों में आग लग जाती ।
घटनास्थल पर जुटे जनप्रतिनिधि।
पेट के ऑपरेशन के लिए जमा कर रखा था 50 हजार नगद
बताया गया कि कृष्णा देवी पेट संबंधी बीमारी से परेशान हैं। वह अपने पेट का ऑपरेशन करने के लिए धीरे-धीरे 50 हजार नगद जमा किया था। अगले महीना ही वह ऑपरेशन कराने के लिए समस्तीपुर जाने वाली थी लेकिन इस घटना ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है।
इस घटना की सूचना पर स्थानीय मुखिया पति राजद नेता रविंद्र कुमार सहनी के साथ ही भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे । पीड़ित परिवार को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराया है साथ ही अनुमंडल प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के अनुसार मिलने वाली सहायता जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।
