मौसम विभाग ने आज बिहार के 11 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 15 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय तेज पछुआ हवा चलने की भी संभावना है। विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी। न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है।
पिछले 24 घंटे के दौरान छपरा सबसे ठंडा जिला रहा। यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, 4 जिले बांका, नालंदा, जमुई और गया का तापमान 10 डिग्री के करीब रहा।
इधर, बिहार में कड़ाके की ठंड की वजह से ब्रेन हेमरेज के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। शुक्रवार को पटना के IGIMS में 7 घंटे में ब्रेन हेमरेज के 8 मरीज भर्ती हुए। सभी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। संस्थान में पहले से ही ब्रेन हेमरेज के 25 मरीज भर्ती हैं।
27 जनवरी से खुलेंगे 8वीं तक स्कूल
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में उत्तर पश्चिम पाकिस्तान और मध्यप्रदेश के आसपास बना हुआ है। इसके प्रभाव से बिहार में सर्द पछुआ हवा का प्रवाह जारी है। सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है।
वहीं, ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने 10 जिलों में 8वीं तक के स्कूल 25 जनवरी तक बंद कर दिया है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस और रविवार है। अब स्कूल 27 जनवरी से खुलेंगे।
जानिए अगले एक हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
डॉक्टर बोले- ठंड में BP और शुगर के मरीज दवा खाना न छोड़ें
इधर, कड़ाके की ठंड की वजह से BP और शुगर के मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। यहां के डॉक्टर का मानना है कि शुक्रवार को ब्रेन हेमरेज के जिन 8 मरीजों को भर्ती कराया गया, उनमें 6 BP के मरीज हैं, जिन्होंने दवा छोड़ दी थी।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि ठंड में BP और शुगर के मरीजों को दवा नहीं छोड़नी चाहिए। ऐसा करने से ब्रेन हेमरेज या ब्रेन स्ट्रोक का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि ठंड में थोड़ी सी सावधानी बरती जाय तो इस परेशानी से बचाव संभव है।
नालंदा की हवा सबसे खराब
ठंड बढ़ने के साथ बिहार की हवा भी दूषित हो गई है। शुक्रवार को नालंदा की हवा सबसे खराब रही। AQI 326 रिकॉर्ड किया गया है। विभाग ने 6 जिलों में AQI लेवल जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान गोपालगंज सबसे गर्म जिला रहा। अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की ओर से 13 जिलों के आंकड़े जारी किए गए हैं।
वहीं, छपरा सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने 12 जिलों का आंकड़ा जारी किया है।




