Featured

समस्तीपुर :  राहुल गांधी का भाषण सुनकर दूध से भरी बाल्टी छूटी:समस्तीपुर में कांग्रेस नेता के खिलाफ कोर्ट में शिकायत दर्ज, याचिकाकर्ता बोले-आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का भाषण सुनकर न केवल भावना आहत हुई, बल्कि घबराहट में दूध से भरी बाल्टी मेरे हाथ से छूट गई। इससे मुझे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

ये बातें मुकेश कुमार चौधरी नामक याचिकाकर्ता ने समस्तीपुर के रोसड़ा सिविल कोर्ट में दायर अभियोग पत्र में कही हैं।

सोनूपुर गांव के रहने वाले मुकेश कुमार चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ शनिवार को अभियोग पत्र दायर किया। कोर्ट में दायर इस अभियोग पत्र में आरोप लगाया है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 15 जनवरी 2025 को भारत वर्ष की राज व्यवस्था के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया था।

कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ के उद्घाटन के बाद पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि ‘हमारी लड़ाई सिर्फ भाजपा और आरएसएस से नहीं, बल्कि इंडियन स्टेट से भी है।’

राहुल गांधी के भाषण से काफी आहत हूं

मुकेश कुमार चौधरी ने कहा कि ‘राहुल गांधी के भाषण से भारतीय होने के नाते काफी आहत हुए हैं। राहुल के इस भाषण को अपने घर पर टीवी पर देखा। फिर शाम को अपने मोबाइल के जरिए यूट्यूब पर भी भाषण सुन रहे थे। जैसे ही नेता प्रतिपक्ष के इंडियन स्टेट से जुड़ा समाचार सुना, तो मैं घबरा गया। इस दौरान मेरे हाथ में दूध से भरी बाल्टी थी, जो भाषण सुनते ही हाथ से छूट गई और सारा दूध बिखर गया। मुझे 250 रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।’

रोसड़ा कोर्ट में मुकेश कुमार चौधरी ने परिवाद दायर किया है।
मुकेश चौधरी ने कहा कि ‘राहुल गांधी ने भारतीय राज्य व्यवस्था का विरोध किया है। वे भारतीय राज्य व्यवस्था के खिलाफ अपने मन से किसी भी हद तक जाने के लिए योजना बनाए हुए हैं। परिवाद की धारा 152, 299, 197, 352 और 111 के तहत दर्ज कराई गई है।’

देशद्रोह का मुकदमा दायर किया गया है

परिवाद दायर करने वाले वकील केके चौधरी ने बताया कि ‘परिवादी की ओर से इस मामले में देशद्रोह का मुकदमा दायर कराया गया है। अगर यह केस सिद्ध हो जाता है तो इस मामले में राहुल गांधी को आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। इसके अलावा अन्य धाराओं में भी सजा हो सकती है।’ ‌

उन्होंने बताया कि ‘अभी परिवाद दायर किया गया है। कोर्ट ने 17 फरवरी को अगली तारीख दी है। इस तारीख को मामले में गवाही होगी या कोर्ट संबंधित अभियुक्तों पर नोटिस जारी कर सकती है। ‌इसके अलावा केस किसी मजिस्ट्रेट के यहां भी ट्रांसफर कर सकती है। ‌इसके साथ ही कोर्ट को लगेगा कि मामला कॉग्निजेंट के लायक नहीं है, तो इसे खारिज भी कर सकती है।’

राहुल गांधी ने 15 जनवरी को दिया था भाषण

15 जनवरी 2025 को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, ’ऐसा मत सोचिए कि हम निष्पक्ष लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें कोई निष्पक्षता नहीं है। अगर आप मानते हैं कि हम बीजेपी या आरएसएस से लड़ रहे हैं तो आप समझ नहीं पाए हैं कि क्या हो रहा है? भाजपा और आरएसएस ने हमारे देश की हर संस्था पर कब्जा कर लिया है। अब हम बीजेपी और आरएसएसएस से ही नहीं, बल्कि इंडियन स्टेट से भी लड़ रहे हैं।

 

‘इंदिरा गांधी भवन’ 9A, कोटला रोड, नई दिल्ली यह कांग्रेस पार्टी का नया पता है। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बुधवार को इसका उद्घाटन किया।

करीब 46 साल बाद पार्टी ने अपना पता बदला है। इससे पहले पुराना ऑफिस 24, अकबर रोड था। नए ऑफिस की आधारशिला 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने रखी थी।

यह भाजपा मुख्यालय से 500 मीटर दूर है। इसे बनने में 252 करोड़ रुपए लगे। भाजपा दफ्तर डेढ़ साल में बना था। कांग्रेस नेता कमलनाथ ने 2019 में कहा था- भाजपा मुख्यालय 700 करोड़ में बना हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *