Featured

बेगूसराय : बेगूसराय में सो रहे किसान पर की फायरिंग:तीन से चार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम; घायल बोले- पहले लगा पटाखा फूटा, बाद में पता चला पैर में गोली लगी है

बेगूसराय में बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे तीन से चार बदमाशों ने सो रहे एक किसान पर फायरिंग कर दी। किसान के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया। डॉक्टरों ने फिलहाल किसान की हालत खतरे से बाहर बताई है। जानकारी के बाद पुलिस ने घायल बुजुर्ग से जानकारी ली और बदमाशों की तलाश में जुट गई। फिलहाल, फायरिंग के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

घटना चेरिया वरियारपुर थाना क्षेत्र के चेरिया वरियारपुर गांव की है। घायल की पहचान 60 साल के रमेश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश सिंह अपने घर के दरवाजे पर सोए हुए थे। तभी देर रात करीब 1:30 बजे बदमाशों ने गोलीबारी की। एक गोली रमेश सिंह की जांघ में लग गई। गोलीबारी की आवाज और घायल रमेश सिंह के शोर मचाने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।

घायल रमेश सिंह
बदमाशों के फरार होने के बाद परिजनों ने घायल रमेश सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।। रमेश सिंह ने बताया कि बदमाशों की संख्या 3 से 4 थी, जिन्होंने सड़क पर खड़े होकर फायरिंग की। पहले तो उन्हें लगा कि आसपास में शादी समारोह में पटाखा जलाया गया होगा, जिसकी आवाज उन्होंने सुनी है, लेकिन जब पैर में दर्द हुआ, तो देखा कि उनके जांघ में गोली लगी है।

घायल रमेश सिंह ने बताया कि मेरा किसी से कोई विवाद नहीं है। देर रात होने और कोहरे के कारण मैं किसी बदमाश को पहचान नहीं पाया। वहीं, घटना को लेकर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि गोली लगने से रमेश सिंह मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। उनके बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *