Featured

बिहार : बिहार चुनाव के 10 महीने पहले से BJP एक्टिव:6 महीने का टारगेट सेट, 15 दिन बाद कोर कमेटी की बैठक; दिल्ली में हुआ मंथन

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 में होंगे। चुनाव से करीब 10 महीने पहले ही बीजेपी एक्टिव हो गई है। आज शुक्रवार को दिल्ली में बिहार बीजेपी नेताओं की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आवास पर बैठक हुई। जहां पार्टी ने अगले 6 महीने का टारगेट सेट किया। साथ ही लक्ष्य को हासिल कैसे किया जा सके, इस पर भी चर्चा हुई।

इधर गिरिराज सिंह ने मीटिंग की तस्वीरें X पर शेयर करते हुए लिखा है कि ‘आज दिल्ली स्थित हमारे आवास पर पार्टी की कोर कमिटी की छोटी टोली की बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन के भविष्य की योजनाओं और कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।’

मीटिंग में सांसद संजय जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, संगठन मंत्री भिखू भाई दलसानिया, बिहार बीजेपी के सह प्रभारी दीपक प्रकाश शामिल हुए।

अगले 6 महीने के टारगेट पर मंथन

बिहार बीजेपी की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि ‘अगले 6 महीने का लक्ष्य बनाकर कैसे काम किया जाए इसको लेकर चर्चा हुई है। अगले 15 दिन के बाद एक बड़ी कोर ग्रुप की बैठक होगी, जिसमें हम लोग आगे की योजना पर मुहर लगाएंगे। 14 जनवरी को मकर संक्रांति बाद पांचों दलों के नेता जिला स्तर पर समन्वय बैठक करेंगे। पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की कमेटी बनी है, जिसमें राधा मोहन सिंह, गोपाल नारायण सिंह, नंदकिशोर यादव, नित्यानंद राय, मंगल पांडे होंगे। ये कमेटी आगे की कार्य योजना बनाएंगी।’

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के दिल्ली आवास पर बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई। ये तस्वीर बेगूसराय सांसद ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के दिल्ली आवास पर बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई। ये तस्वीर बेगूसराय सांसद ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
चार सीटों पर हुए उपचुनाव पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि ‘पहले एक सीट इमामगंज एनडीए के खाते में थी, तीन सीट इंडिया गठबंधन के खाते में थी। इस उपचुनाव में हमारा बेहतर परिणाम आएगा।’

पार्टी हेड क्वार्टर में राष्ट्रीय अध्यक्ष देंगे टिप्स

इस बैठक के बाद पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की अध्यक्षता में वर्कशॉप रखी गई है। इसमें बिहार बीजेपी के तमाम नेता शामिल होंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के नेताओं को टिप्स देंगे।

वर्कशॉप में सहयोगी दलों के साथ आपसी तालमेल बनाकर चुनाव लड़ने पर भी चर्चा होगी। आगामी चुनाव से पहले बूथ लेवल पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा की जाएगी। इसमें सभी राज्यों के प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चुनाव अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इस वर्कशॉप से पहले गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने पार्टी के महासचिवों के साथ बैठक की। इसमें बिहार से बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह मौजूद थे। इसमें सदस्यता अभियान और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *