मधुबनी : जीविका दीदी ने सांसद को सौंपा ज्ञापन:मधुबनी में 10 सूत्री मांगों को लेकर किया अनुरोध, सरकार से बात करने का मिला आश्वासन
मधुबनी में 10 सूत्री मांगों को लेकर किया अनुरोध, सरकार से बात करने का मिला आश्वासन
मधुबनी जिले के झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रामप्रीत मंडल को जीविका दीदियों ने अपने 10 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में जीविका दीदियों ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि वे उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करें। ज्ञापन में कहा गया है कि जीविका परियोजना ने बिहार में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जीविका दीदियों ने सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता, शराबबंदी, मनरेगा सर्वेक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान जैसी विभिन्न योजनाओं में सक्रिय रूप से भाग लिया है।
इसके बावजूद दीदियों को मिलने वाली पारिश्रमिक बेहद कम है। इससे उनके जीवनयापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि बिहार में लगभग 1.5 लाख कैडर जीविका के तहत काम कर रहे हैं, और इनका जुड़ाव राज्य भर में लगभग 1.5 करोड़ ग्रामीण गरीब महिलाओं से है। जीविका दीदियों ने मांग की है कि सरकार उनकी 10 सूत्री मांगों पर ध्यान दे और उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए। सांसद रामप्रीत मंडल ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले को संसद में उठाएंगे और सरकार से इन मांगों पर विचार करने का अनुरोध करेंगे।
