23 मई तक ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि, आवेदन की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय में 30 मई तक होगा जमा
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के 14 विषयों में कुल 561 पदों पर अतिथि/अंशकालिक शिक्षकों की नियुक्ति हेतु सुयोग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन पोर्टल पर 23 मई तक आवेदन, जबकि इसकी हार्ड कॉपी 30 मई तक विश्वविद्यालय में आमंत्रित किए गए हैं। कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने ऑनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप कुलसचिव- द्वितीय डॉ कुमार मनीष, विश्वविद्यालय भौतिक विभागाध्यक्ष प्रो मो नौशाद आलम, भौतिक-प्राध्यापिका पूजा अग्रवाल, नियुक्ति कोषांग के सहायक गौतम सिंह तथा आईटी सेल के मो हसन आदि उपस्थित थे।
यह चयन प्रक्रिया पूरी तरह अस्थायी है। ऐसे शिक्षकों को 1,500 रुपये प्रति वर्ग की दर से अधिकतम 50,000 रुपए प्रति माह मानदेय मिलेगा। चयनित अभ्यर्थी 11 माह या बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग, पटना की अनुशंसा पर नियमित सहायक प्राध्यापक नियुक्ति होने तक (जो भी पहले हो) कार्यरत रहेंगे। अभ्यर्थियों की योग्यता एवं सेवा शर्तें राज्य सरकार के संकल्पों एवं कुलाधिपति द्वारा अनुमोदित परिनियमों के अनुसार लागू होगी। स्नातकोत्तर में न्यूनतम 55% अंक निश्चित है, जबकि आरक्षित वर्गों एवं दिव्यांगों को 5% अंकों की छूट दी जाएगी। साथ ही नेट/जेआरएफ या समकक्ष सेट/स्लेट परीक्षा में उत्तीर्णता जरुर है। वहीं पीएच डी उपाधि धारकों को नियमानुसार नेट/सेट से छूट दी जाएगी। 01 जनवरी, 2026 तक आवेदक की अधिकतम अवस्था 55 वर्ष निर्धारित है।
विश्वविद्यालय की विज्ञापन के अनुसार हिन्दी में 89, मैथिली में 11, अंग्रेजी में 75, दर्शनशास्त्र में 04, अर्थशास्त्र में 70, भूगोल में 04, इतिहास में 89, मनोविज्ञान में 07, भौतिकी में 06, रसायनशास्त्र में 18, वनस्पति विज्ञान में 14, जन्तु विज्ञान में 30, गणित में 17, राजनीति विज्ञान में 60, समाजशास्त्र में 60 तथा वाणिज्य में 07 स्थान अर्थात कुल 561 पद रिक्त हैं। परिस्थिति वस रिक्तियों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है। विशेष जानकारी विश्वविद्यालय के वेबसाइट www.lnmu.ac.in पर प्राप्त की जा सकती है।
उप कुलसचिव डॉ कुमार मनीष ने बताया इस विज्ञापन के आलोक में 1 मई से ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किया जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 23 मई निर्धारित है, जबकि उस आवेदन की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी 30 मई, 2026 तक रजिस्टर डाक या कुरियर के माध्यम से विश्वविद्यालय कार्यालय में भेजना भी अनिवार्य है। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित योग्यता तथा आरक्षण नीति का पूर्णतः पालन किया जाएगा। डॉ मनीष ने बताया कि आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया आगामी जून माह के पहले सप्ताह में प्रारंभ किये जाने की संभावना है।





