Featured

रिपोर्टर के भेष में आये हमलावरों ने कर दी अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या।

नेशनल डेस्क: यूपी के माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई. तीन हमलावरों ने कॉल्विन अस्पताल के पास ये हमला किया. पत्रकार के वेश में आए हमलावरों ने अतीक और अशरफ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने हमलावरों को मौके से दबोच लिया.

माफिया अतीक अहमद और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस दोनों को प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में मेडिकल के लिए लेकर जा रही थी. इसी दौरान तीन हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में अतीक और अशरफ की मौत हो गई है. दोनों के शवों को मेडकल कॉलेज के अंदर ले जाया गया है. मौके पर जय श्रीराम के नारे जरूर सुने गए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

पुलिस ने हमलावरों को मौके से दबोच लिया है. इस पूरे हमले को बकायदा मीडिया और पुलिस के सामने अंजाम दिया गया है. दोनों पर जब फायरिंग हुई, पूरी वारदात कैमरे में भी कैद हुई है. इस हमले में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका नाम मान सिंह है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.

सूत्रों की मानें तो एक पल्सर बाइक पर सवार होकर 3 हमलावर आए थे, जिन्होंने अतीक और अशरफ को गोली मारी है. मौके पर तीन बंदूक भी बरामद हुई हैं. कारतूस भी मौके पर मिले हैं. बाइक सवार आरोपी मीडियाकर्मी बनकर पहुंचे थे. बाइक के पास से एक कैमरा और एक माइक आईडी भी बरामद हुई है. इस घटना के बाद प्रयागराज में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है. आसपास के जिलों से पुलिस फोर्स को भेजा गया है. पीएसी और RAF लगाई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *