Featured

समस्तीपुर : समस्तीपुर में जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी, कोर्ट जा रहे व्यक्ति की मौत

समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाहपुर – हाजीपुर मुख्य मार्ग (एसएच 88) पर डैनी चौक के पास सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक से सवार होकर जा रहे एक व्यक्ति को पीछे से आए बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर ब्रह्मांड पंचायत के पचपैका गांव निवासी स्वर्गीय शिवजी महतो के पुत्र 55 वर्षीय अनिल महतो उर्फ विनोद महतो के रूप में हुई है.

पत्नी का आरोप, पुराने विवाद में पति की हत्या

पुलिस के अनुसार, अनिल महतो किसी हत्याकांड के आरोपी थे और दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे. मृतक की पत्नी कुमारी रंजू देवी का आरोप है कि उनके पड़ोसी फरीक उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था. उन्होंने सुरक्षा के लिए थाने में आवेदन भी दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

बाइक से कोर्ट जाते वक्त गोलियों से भून दिया

सोमवार को अनिल महतो किसी मामले की सुनवाई के लिए दलसिंहसराय कोर्ट जा रहे थे. इसी दौरान डैनी चौक के पास दो बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अनिल महतो को पांच गोलियां लगीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.

पुलिस कार्रवाई, सात लोगों पर मामला दर्ज

घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया है. वहीं, मृतक की बाइक को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी कुमारी रंजू देवी के बयान पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

डीएसपी का बयान, जल्द गिरफ्तारी का दावा

दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पुरानी रंजिश के चलते ही हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

बढ़ती अपराध की घटनाओं पर चिंता

यह घटना दलसिंहसराय में बढ़ती अपराध की घटनाओं की ओर इशारा करती है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *