Featuredदरभंगा

जल निकासी में काफी सहायक सिद्ध हुआ जल संसाधन विभाग का नहर पक्कीकरण कार्य।

दरभंगा: दरभंगा शहर में जलजमाव की समस्या कोई नई नहीं है। इस समस्या से निजात दिलाने के नाम पर करोड़ो अरबों की योजनाएं आयीं, पर सब ढाक के तीन पात साबित हुए। कुछ पैसे खर्च भी हुए, और इस पैसे की बंदरबांट भी खूब हुई। पर योजनाएं अधूरी रहीं और जलजमाव से मुक्ति शहरवासियों को नहीं मिल सका।

पर इसबार शहर के प्रमंडलीय मुख्यालय क्षेत्र लहेरियासराय में जलजमाव से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता दिखा। इसका सबसे बड़ा कारण जल संसाधन विभाग द्वारा हाउसिंग कॉलोनी से कमल मंडप तक कराये जा रहे नहर चौड़ीकरण एवं पक्कीकरण कार्य को माना जाता है। हालांकि यह कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और काफी कार्य बांकी है। पर जो जितना कार्य हुआ है, वह भी जलनिकासी में काफी सहायक सिद्ध हुआ है। गत बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद पूरा शहर डूबा हुआ नजर आने लगा। पर इसबार अन्य सालों की अपेक्षा लहेरियासराय क्षेत्र में जल निकासी की गति काफी तेज रही। पानी तीव्र गति से बाहर निकल गया।

हर बारिश में जलजमाव की बड़ी समस्या झेलने वाले हाउसिंग कॉलोनी के लोगों केलिए तो नहर पक्कीकरण कार्य वरदान साबित हुआ है। अवकाश प्राप्त अधिकारी सह हाउसिंग कॉलोनी के स्थायी निवासी अरविंद कुमार ठाकुर बताते हैं कि हर साल बारिश के बाद कई दिनों तक हाउसिंग कॉलोनी मुहल्ला डूबा रहता था। पर इसबार नहर के सुदृढ़ीकरण के कारण मूसलाधार बारिश के वाबजूद आठ घंटे में पूरा पानी कॉलोनी से निकल गया। इसके लिए उन्होंने विशेष रूप से जलसंसाधन मंत्री संजय झा को धन्यवाद दिया।

वहीं जदयू के प्रवक्ता डॉ उदभट मिश्रा ने बताया कि लहेरियासराय प्रमंडलीय मुख्यालय क्षेत्र है। अतः प्राथमिकता के तौर पर जल संसाधन मंत्री संजय झा द्वारा नहर पक्कीकरण का कार्य कराकर लहेरियासराय क्षेत्र को जलजमाव से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही उनकी पहल पर बिहार सरकार के सात निश्चय पार्ट 2 के तहत 245 करोड़ की योजना को स्वीकृति मिल चुकी है। इस योजना के पूर्ण होते ही पूरा शहर जलजमाव से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अगले वर्ष तक दरभंगा शहर जलजमाव की समस्या से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *