Featured

गंगा सागर काॅलोनी में नहीं सुधरे हालात,अधूरे निर्माण से जलजमाव।

मधुबनी के वार्ड-40 में गंगासागर कालोनी की बुनियादी सुविधाओं की कमी है। यहां सड़कें जर्जर हैं, जिससे बरसात में पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। साफ-सफाई की व्यवस्था भी नहीं है और नलजल सेवा हर घर तक नहीं.

 

गंगा सागर काॅलोनी में नहीं सुधरे हालात,अधूरे निर्माण से जलजमाव मधुबनी । नगर निगम मधुबनी का वार्ड-40 अभी भी कई तरह की बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। इस वार्ड के अधीन गंगासागर काॅलोनी में करीब एक हजार से अधिक की आबादी है। यह कालोनी राम चौक और निधि चौक के बीच में अवस्थित और मुख्य सड़क से सटा है। यह कालोनी पूरी तरह से सुविधा विहीन है। कालोनी में प्रवेश करने वाली सड़क जर्जर है। खासकर बरसात में पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। जगह-जगह जलजमाव लोगों की परेशानी बढ़ा देता है।

 

कुछ सड़कें तो ऐसी हो चुकी हैंं जहां पूरे बरसात गंदा पानी लगा रहता है और मजबूरन मोहल्लेवासी को उधर से गुजरने की मजबूरी हो जाती है। जीविका व अन्य कार्यालय भी सड़क विहीन: गंगासागर कालोनी में कई सरकारी दफ्तर हैं। मगर वहां तक सड़क भी नहीं बनी हैं। सड़क के जर्जर रहने की वजह से जीविका कार्यालय से जुड़े अधिकारी और कर्मियों को हर दिन परेशानी उठानी पड़ती है। खासकर जिस दिन बरसात हो जाती है तो उस दिन वहां तक पहुंचने में भी काफी कठिनाई होती है।

 

जीविका के अधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि अगर समय से सड़क का निर्माण हो जाता तो इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती है। राजेश पुरी, संजीव, योगेन्द्र, दीपक कुमार सिन्हा आदि ने बताया कि जीविका कार्यालय में हर दिन लोगों को आनाजाना लगा रहता है। सड़क नहीं बनने से चार चक्का वाहन कार्यालय तक नहीं पहुंच पाता है। महीनों से सड़क के किनारे नाले का निर्माण तो कर दिया गया है, मगर सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। गंगासागर कालोनी के पूर्व बैंक अधिकारी रमाशंकर प्रसाद ने बताया कि वे उसी मोहल्ले में रहते हैं।

 

करीब दो माह पूर्व उस सड़क के किनारे ऊंचा नाला तो बना दिया गया मगर सड़क का काम अधूरी ही छोड़ दिया गया है। इससे उनलोगाें को घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। करीब दो महीने से उनकी गाड़ी भी पार्किंग में खड़ी है। जबतक सड़क का निर्माण नहीं हो जाता तबतक वे गाड़ी को निकाल भी नहीं सकते हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें मजबूरन किराये की कार मंगानी पड़ती है। साफ-सफाई में नहीं होने से परेशानी: गंगासागर कालोनी में साफ-सफाई की व्यवस्था भी सिफर है।

 

कालोनी के नवीन कुमार, नवल किशोर, मनीन्द्र कुमार झा आदि ने बताया कि नगर की ओर से यहां पर साफ-सफाई भी नहीं हो पाती है। लोग अपने घराें के सामने की खुद सफाई करते हैं। डीएन मिश्रा, गणेश कुमार, रोहित कुमार, अब्दुल्लाह आदि ने बताया कि एक जगह पर कचरा बॉक्स तो रखा गया है, मगर वहां से कचरे का उठाव रेगुलर नहीं हो पाता है। इस वजह से उसमें से निकलने वाली सड़ांध राहगीरों के साथ-साथ मोहल्ले वालों को भी परेशानी में डाल देता है। इनलोगों का कहना है कि नगर निगम को इस मोहल्ले के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए।

 

जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण हो, ताकि जलजमाव से राहत मिले और स्ट्रीट लाइट लगे, ताकि रात में लोगों को परेशानी न हो और यहां रहने वाले लोग चैन और सुकून की जिंदगी जी सके। कालोनी में हर -घर नहीं पहुंचा नलजल गंगासागर कालोनी में हर घर नल का जल नहीं पहुंच पा रहा है। अधिकतर लोग अपने घरों में पीने का पानी की खुद व्यवस्था कर चुके हैं। आसपास में कहीं भी सबमर्सिबल भी निगम की ओर से नहीं लगाया गया है। स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं। एक पहले से लगी हुई है मगर छह महीने से खराब है। जलजमाव व साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूरी निगम की ओर से हो रहा है।

 

मां जानकी हनुमान मंदिर में तीन बार हो चुकी है चोरी नगर निगम के वार्ड-40 के अधीन आने वाले गंगासागर काॅलोनी में कई बार चोरी की वारदात हो चुकी है। मां राम जानकी हनुुमान मंदिर में अबतक तीन बार चोरी की वारदात हो चुकी है। मगर पुलिस इस चोरी की वारदात का अबतक उद्भेदन नहीं हो सका है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रमाशंकर प्रसाद, डीएन मिश्रा आदि ने बताया कि मां जानकी हनुुमान मंदिर काफी भव्य बनाया गया है। रमाशंकर प्रसाद ने बताया कि इस मंदिर में तीन बार चोरी की घटनाएं हुई है।

 

हर बार पुलिस को खबर की गई। एफआईआर के लिए आवेदन भी दिया गया। मगर अबतक किसी मामले का उद्भेदन नहीं हुआ। चोरी का वीडियो फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दिया गया। फुटेज में चोर का चेहरा भी साफ दिख रहा है। मगर पुलिस चोर को दबोचने में कामयाब नहीं हो सकी। दो बार दानपेटी तोड़कर भी चोरी कर पैसे चाेर ले गये। ऐसे में हमेशा दहशत बना रहता है कि अगर चोर इसी तरफ बचते रहे तो लोगों के घर को भी निशाना बनाएंगे। हालांकि कई घरों को खाली पाकर इससे पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी हैं।

 

मां राम जानकी हनुुमान मंदिर के पश्चिम का गेट भी सड़क नहीं बनने की वजह से खुलता है। करीब दो महीने से मंदिर का एक प्रवेश और निकासी का रास्ता बंद है। इसके अलावा अन्य कई तरह की परेशानी से भी गंगासागर कालोनी में रहने वाले लोग जूझने को विवश हैं। लोगों की मांग है कि पुलिस गश्ती करे ताकि ऐसी वारदातों पर लगाम लग सके। ———–बोले जिम्मेदार———- नगर निगम के वार्ड 40 में भी तमाम समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा। अब सफाई की व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।

 

अब नगर निगम अपने स्तर से हर मोहल्ले में साफ-सफाई करवाएगा। गंगासागर कालोनी में आधी सड़क बन चुकी है। शेष में नाला का निर्माण हो चुका है। संवेदक से शीघ्र ही इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के साथ-साथ नाला का निर्माण कराया जाएगा। ताकि जलनिकासी में किसी तरह की समस्या नहीं हो। मोहल्ले वासियों की समस्याओं के निदान को लेकर नगर निगम काफी संवेदनशील है। सभी समस्याएं हल होंगी। अन्य कई विकासात्मक कार्य पाइपलाइन में हैं। – डॉ. अनिल कुमार चौधरी, नगर आयुक्त, मधुबनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *