Featured

23 से 27 जुलाई तक हल्की बारिश और तेज हवाएं:सहरसा में अगले 5 दिन मौसम का अलर्ट, किसानों को रोपाई की सलाह।

सहरसा में आगामी 5 दिनों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 से 27 जुलाई तक हल्की से मध्यम वर्षा होगी। साथ ही तेज सतही हवाएं भी चलेंगी। अब तक सहरसा जिले मे 6.14 इंच बारिश हुई है, जो औसत से कम है। जुन-जुलाई मे 19.68 इंच से अधिक बारिश होनी चाहिए थी।

इसको लेकर कृषि अनुसंधान संस्थान अगवानपुर के कृषि मौसम वैज्ञानिक रामानंद पटेल ने बताया कि 23 जुलाई से 27 जुलाई के बीच अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह में आर्द्रता 85-90% और दोपहर में 40% रहने की संभावना है।

सहरसा में छाए बादल।

गरज-चमक के साथ होगी हल्की बारिश

मौसम विभाग ने 23 और 26 जुलाई को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की विशेष चेतावनी जारी की है। 26 जुलाई को बादल छाने के साथ मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है।

खेतों में रोपाई के लिए तैयार रहने की सलाह

कृषि वैज्ञानिक रामानंद पटेल ने किसानों को खेतों में रोपाई के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। धान की 20-25 दिन की नर्सरी को कतार में रोपने का सुझाव दिया है। खरपतवार नियंत्रण के लिए प्रेटीलाक्लोर 1.5 लीटर प्रति हेक्टेयर का छिड़काव करें।

कम बारिश से किसान चिंतित

मक्का की 15-20 दिन पुरानी फसल में निराई-गुड़ाई करें। रागी, कोदो और चिना में जलभराव से बचें। बागवानी फसलों में आम व लीची के नए बागों में गोबर की खाद डालें। करेला, बैंगन और टमाटर को जलजमाव से बचाएं और कीट नियंत्रण के लिए नीम तेल का छिड़काव करें।

इधर बारिश कम से किसान काफी चिंतित है। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि मौसम परिवर्तन को देखते हुए पशुओं को संतुलित आहार और खनिज लवण दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *