Featured

मुख्यमंत्री बिहार नीतीश कुमार के कर-कमलों से मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना

मुख्यमंत्री बिहार नीतीश कुमार के कर-कमलों से मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना (MMRY) के अंतर्गत प्रदेश की 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में प्रति लाभुक 10,000 रुपये की दर से कुल 2500 करोड़ की राशि का अंतरण पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किया गयाl
इस अवसर पर माननीय उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, श्री विजय कुमार सिन्हा एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से लाभुक महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई।

दरभंगा समाहरणालय स्थित अम्बेडकर सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद,डीपीएम जीविका डॉ.ऋचा गार्गी सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि आज जिले की लगभग 1 लाख 21 हजार महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई है।, इससे पूर्व लगभग 5 लाख 65 हजार महिलाओं को लाभ दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि डीपीएम जीविका को निर्देश दिया गया है कि 10,000 रुपये की प्रारंभिक राशि से शुरू किए गए, व्यवसायों की जाँच कर पात्र दीदियों को चरणबद्ध रूप से आगे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे वे दो लाख रुपए तक की सहायता प्राप्त कर सकेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी लाभुक दीदियों के व्यवसायों की नियमित समीक्षा कर उन्हें आवश्यक तकनीकी एवं वित्तीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए,ताकि वे अपने उद्यम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा सकें।
डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और यह योजना भविष्य में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न सामुदायिक संगठनों में पिको प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया।
महिलाओं में कार्यक्रम को लेकर अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि अब वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का दृढ़ संकल्प कर चुकी हैं तथा अपने व्यवसाय का विस्तार कर अपनी आजीविका को और सशक्त बनाएँगी।
सभी जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाया है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जीविका दीदियों, अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *