नीति आयोग के 75 कृषि उद्यमियों एवं अन्वेषकों की सूची में बिहार की किसान चाची शामिल।
न्यूज डेस्क: नीति आयोग ने स्टार्टअप के जरिये कृषि उद्यम एवं इससे जुड़े अन्य प्रकार का अन्वेषण कर देश-प्रदेश में अपनी मेधा, काबिलियत की धाक जमाने वाले देश के 75 कृषि उद्यमियों एवं अन्वेषकों की सूची जारी की है। इस सूची में बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य से सिर्फ किसान चाची पिकल्स को स्थान मिला है।
वहीं खनिज की धरती माने जाने वाले झारखंड से एक तो देवों की भूमि उत्तराखंड से तीन व उत्तर प्रदेश से पांच उद्यमी एवं अन्वेषकों को स्थान मिला है। ‘कंपेडियम ऑफ 75 एग्री-इंट्रपेन्योर एंड इनोवेटर्स’ नामक पुस्तिका को नीति आयोग भारत ने फरवरी 2023 में लांच किया। इस सूची में बिहार के मुजफ्फरपुर की राजकुमारी देवी के बारे में बताया गया है कि इन्होंने अपने स्टार्टअप को 16 जुलाई 2015 को मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के आनंदपुर गांव से शुरू किया। इनके इस फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र से से जुड़कर 300 से अधिक महिलाएं रोजगार पा रही हैं। किसान चाची को साइकिल चाची के नाम से भी जाना जाता है। शुरुआत में इनका स्टार्टअप बिना लाभ का रहा और लोगों को लजीज अचार उपलब्ध कराती थी। लेकिन जल्द ही इनके द्वारा घर पर ही बनाए गये अचार, विभिन्न प्रकार के जेली, केले का पापड़, जैम को बनाकर लोकल बाजार में बेचने लगी। ये इन सामानों को बनाने के लिए जरूरी उत्पादों को अपने जमीन पर आर्गेनिक तरीके से उगाती हैं। वर्तमान में राजकुमारी देवी 23 प्रकार के जैम एवं अचार बनाती है, जो कि दिल्ली व मुंबई जैसे मेट्रो सिटी में बिकते हैं। ऐसा करने के लिए इन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद सेंट्रल एग्रीकल्चरल विश्वविद्यालय से नये तरीके से उत्पादों को बुआई की तरकीब सीखी। और इसे आज की तारीख में अन्य महिलाओं को भी सिखा रही हैं।
