Featured

दरभंगा : दरभंगा की सड़कों पर सजेंगी 60 प्रतिमाएं:जेपी चौक पर होगी भगवान सूर्य की प्रतिमा, सजावट और साफ-सफाई का चल रहा काम 

दरभंगा शहर में 1997 में स्थापित श्री श्री 108 छठ पूजा समिति, भगवान दास की ओर से 27वां पूजनोत्सव मनाया जा रहा है। जेपी चौक पर सूर्य भगवान की मुख्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। जेपी चौक से खानका चौक तक और जेपी चौक से किला घाट तक सड़क पर छोटी-छोटी प्रतिमाओं को बैठाया जाएगा। जेपी चौक से जाने वाली दोनों रूटों में शुद्ध पेयजल, लाइटिंग और सजावट के इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर निगम भी इसमें सहयोग कर रहा है। स्थानीय हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

 

छठ के हर पहलुओं को मूर्तियों से दिखाया जा रहा पहली बार 1997 में दरभंगा में भगवान सूर्य की प्रतिमा जेपी चौक, भगवान दास में स्थापित की गई थी। इस बार भी समिति की ओर से भगवान सूर्यवान सात घोड़े पर विराजमान होंगे। इसके अलावा छठ पर्व के हर पहलु को मूर्तियां से प्रदर्शित किया जा रहा। पहला भाग में छठ पर्व का सामान खरीदना, दूसरे भाग में सामान को घर लाना, तीसरे भाग में सामान को तैयार करना, चौथा भाग में नहाए खाए, पांचवें में खरना, छठे भाग में घाट तक जाना और 7वें भाग में भगवान सूरज को अर्घ्य देने के विभिन्न पहलुओं को मूर्तियों से दर्शाया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि लोगों की भीड़ को देखकर यातायात की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए मूर्तियों की संख्या कम की गई है। इस बार कुल 60 मूर्तियों को बैठाई जाएंगी।

 

सजावट, साफ-सफाई की जा रही खानकाह चौक से जेपी चौक होते हुए हरिबोल तालाब और किला घाट तक सजावट, साफ-सफाई की जा रही है। सुरक्षित जगहों पर मूर्तियां रखी जा रही है। मुख्य मूर्ति भगवान सूर्य की प्रतिमा 27वें वर्ष जेपी चौक पर बैठाई जाएगी। मुख्य मूर्ति का निर्माण शहर के बाजितपुर के मूर्तिकार दिलीप पंडित और छोटी मूर्तियों का निर्माण बाजितपुर के संतोष पंडित व मौलागंज के दिनेश पंडित की देखरेख में किया जा रहा है। साउंड शैलेंद्र साउंड सर्विस और बिजली सेवा किलाघाट के रामसागर ने किया है। सजावट की व्यवस्था कैदराबाद के गणेश कुमार कलाकार के जिम्मे है। समिति में आधा दर्जन मुस्लिम समुदाय के लोग भी हैं, जो पूरे तन मन से इसमें सहयोग कर रहे हैं।

 

खरना के दिन भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। अर्घ्य के दिन शाम से देर रात तक यहां विशाल मेला लगता रहा है। जहां हजारों की भीड़ जमा होती है। समिति के स्थापना काल से जुड़े सचिव नवीन सिन्हा ने कहा कि इस बार दर्जनों स्थानीय युवा लड़के इस आयोजन में समर्पित भावना से लगे हुए हैं। मुख्य संरक्षक सचिन राम स्थानीय देवेंद्र महतो और बलवंत कुमार ने बताया कि छठ पूजा के दौरान यहां लाखों की भीड़ जुटती है। श्रद्धालु सूर्य भगवान की पूजा और दर्शन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *