मधुबनी : ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की मौत:मधुबनी में दानापुर इंटरसिटी की चपेट में आने से हादसा, प्रत्यक्षदर्शी बोले-आवाज देने पर किया अनसुना
मधुबनी में दानापुर इंटरसिटी की चपेट में आने से हादसा, प्रत्यक्षदर्शी बोले-आवाज देने पर किया अनसुना
मधुबनी के लखनौर थाना क्षेत्र में नेमुआ हॉल्ट के पास पटरी पार करते समय एक वृद्ध की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब दानापुर इंटरसिटी ट्रेन (संख्या 3211) जोगबनी से पटना की ओर जा रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना हॉल्ट इंचार्ज को दी, जिन्होंने रेल प्रशासन को खबर दी। घटना की सूचना पाकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी।
झंझारपुर रेलवे ऑट पोस्ट के इंचार्ज अरविंद कुमार ने बताया कि एक अधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। रेल पुलिस अधिकारी विकास कुमार यादव ने कहा कि शव स्थानीय पुलिस क्षेत्र में मिला है, और लोकल पुलिस इसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।
लोगों की बात को किया अनसुना
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वृद्ध रेल पटरी पार कर रहा था, और उन्होंने चिल्लाकर उसे चेतावनी भी दी, लेकिन उसने बात अनसुनी कर दी। लोगों ने आशंका जताई कि वह बहरा हो सकता है।
मृतक की पहचान के लिए प्रयास जारी
थाना प्रभारी रेणु कुमारी ने कहा कि शव की पहचान और जांच के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। रेलवे के अरविंद कुमार ने जनता से अपील की है कि रेल पटरी पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी बरतें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
