मधुबनी : बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर मांगी रंगदारी, वीडियो आया सामने:मधुबनी में जान से मारने की दी धमकी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मधुबनी के नगर निगम क्षेत्र के गौशाला चौक में बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर व्यक्ति से 1 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। वहीं, आरोपी का वीडियो भी सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार व्यक्ति अपने बच्चों को लेकर अस्पताल जा रहा था, तभी गौशाला चौक पर बदमाश ने पिस्तौल दिखाया और व्यक्ति से रंगदारी मांगने लगा। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पीड़ित ने बताया कि जब उसने बदमाश को बोला कि पैसा किस बात का दूं, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। अगर पैसा नहीं दोगे, तो तुमको गोली मार दूंगा। इसके बाद वह व्यक्ति डर गया और चिल्लाने लगा।पीड़ित की आवाज सुन कर मौके पर जुटी भीड़
पीड़ित व्यक्ति की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी के गौशाला गौरछनी निवासी मोहम्मद स्तियाद के रूप में हुई है। उस व्यक्ति की आवाज सुनकर गौशाला चौक पर लोगों की भीड़ जुट गई। तभी बदमाश सभी को देख भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन, लोगों ने भाग रहे बदमाश को पकड़ लिया।
इस घटना की सूचना डायल-112 नंबर की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक बदमाश किसी तरह से वहां से भाग गया। स्थानीय लोगों ने पकड़े गए बदमाश का वीडियो बनाया है। वीडियो में बदमाश के कमर में साफ-साफ देसी कट्टा दिख रहा है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
वहीं, पुलिस बदमाश की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। इस घटना के संबंध में नगर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित की तरफ से आवेदन नहीं दिया गया है। लेकिन, पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद ही बदमाश की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
