Featuredदरभंगा

शहर को जाम से मुक्ति की जगी आस, पीएम में 5 रेलवे ओवरब्रिजों का किया शिलान्यास।

दरभंगा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लगभग 353 करोड़ की लागत से जिले की छह रेल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान लहेरियासराय स्टेशन पर समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर समेत कई विधायक, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे।

सांसद ने कहा कि 15.19 करोड़ की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल लहेरियासराय स्टेशन का पुनर्विकास होगा। 82.65 करोड़ से चट्टी गुमती (21 नंबर), 66.73 करोड़ से पंडासराय गुमती (18 नंबर), 61.06 करोड़ से दिल्ली मोड़ गुमती (दो नंबर) और 127.40 करोड़ रुपये की लागत से

बेला व कगवा गुमती (समपार फाटक संख्या एक व 28) पर ओवरब्रिज बनेगा। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार में मिथिला के केंद्र दरभंगा के स्वर्णिम विकास में एक और नया अध्याय जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि दशकों पूर्व से दरभंगा शहर में विभिन्न रेलवे गुमती पर ओवरब्रिज निर्माण लोगों की चिर प्रतीक्षित मांग रही है जो मोदी जी के नेतृत्व में धरातल पर मूर्त रूप ले रहा है।

सभी ओवरब्रिज का निर्माण कार्य ससमय पूर्ण होगा। सांसद ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 340 करोड़ की लागत दरभंगा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कर विश्वस्तरीय बनाया जाएगा।

दरभंगा रेलवे स्टेशन के पास म्यूजियम गुमती (रेलवे समपार फाटक संख्या-26) पर 8.98 करोड़ की लागत से लाइट ओवरब्रिज बनेगा। लगभग 18 करोड़ की लागत से सकरी स्टेशन का पुनर्विकास, 253 करोड़ की लागत से काकरघाटी-शीशों नई बायपास रेल लाइन का निर्माण, दरभंगा-समस्तीपुर रेल पथ दोहरीकरण,

पंडासराय से चट्टी गुमती तक सड़क का निर्माण आदि कार्य तीव्र गति से हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीते समय में नए रेलखंड लहेरियासराय-सहरसा (100 किमी) का सर्वे, दरभंगा-मुजफ्फरपुर नई लाइन के लिए राशि, अमृत।भारत ट्रेन आदि की सौगात दरभंगा को मिली है। दशकों से लंबित सकरी-हसनपुर रेलखंड के अलाइनमेंट में परिवर्तन कर उसे भी पूरा किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, हायाघाट विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, लोस क्षेत्र प्रभारी प्रफुल्ल ठाकुर, लोजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र झा व कई रेल अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *