दरभंगा में बढ़ रहा अपराध बेहतशा, पत्रकार पुत्र की चाकू गोदकर हत्या।
सुपौल बाजार के खोड़ागाछी मैदान के सामने आपसी विवाद में चाकू से हमला कर 18 वर्षीय युवक सुदर्शन कुमार सहनी की हत्या कर दी गई। मृतक सुपौल बाजार निवासी शंकर सहनी का पुत्र बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि खोड़ागाछी मैदान के सामने युवक घूम रहा था। इसी बीच कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते नोंक-झोंक खून-खराबा में बदल गया। इसी बीच सुपौल बाजार के खेवा टोल निवासी हरि सहनी के पुत्र ने सुदर्शन के पेट पर चाकू से कई वार किये। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
जान बचाने के लिए वह वहां से भागा, हालांकि कुछ ही दूर आगे जाकर वह बेहोश होकर गिर गया। आनन फानन में स्थानीय लोग उसे उठाकर सीचसी ले गए। गंभीर स्थिति देख चिकित्सक ने उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच जाने के क्रम में रास्ते में ही एंबुलेंस पर सुदर्शन ने दम तोड़ दिया। वह शंकर सहनी के सात संतान में इकलौता पुत्र था। सुदर्शन स्थानीय हाई स्कूल में इंटरमीडिएट का छात्र था।
इधर, थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के सिलसिले में जानकारी ली जा रही है।
