Featuredदरभंगा

खेल सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि स्वस्थ मस्तिष्क की है निशानी: कुलपति।

दरभंगा: शनिवार को मिथिला विश्वविद्यालय के स्थानीय नागेंद्र झा स्टेडियम में “वार्षिक खेल दिवस 2023” का आयोजन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय दरभंगा के द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान करेंट और सेविंग दो टीमों के बीच मैच खेला गया। विजेता करेंट टीम रहा। मैन ऑफ द मैच नीरज नयन सिंह, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक, मिथिला विश्वविद्यालय, कैंपस ब्रांच जिनके कुशल नेतृत्व में खेल प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। करेंट टीम के साथ-साथ मैन ऑफ द मैच बनने पर नीरज नयन सिंह को कुलपति ने सम्मानित किया।

“वार्षिक खेल दिवस 2023” के आयोजन के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि खेलने वाले लोग अमूमन कभी बीमार नहीं पड़ते हैं। इसीलिए सभी लोगों को स्वस्थ रहने के लिये अपने उम्र के अनुसार कुछ देर निजी जिंदगी के लिये निकालकर जरूर खेलना चाहिये। खेल सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि स्वस्थ मस्तिष्क की निशानी है। आज के भागमभाग जिंदगी में ऐसा देखा जा रहा है कि लोग युवावस्था में ही डिप्रेशन की बीमारी से सबसे ज्यादा ग्रस्त हो रहे हैं लेकिन किसी भी खेल का खिलाड़ी कभी डिप्रेशन का मरीज नहीं हो सकता है, उसे जीतने के साथ-साथ हार को सहने की क्षमता भी डेवलप हो जाता है। फिर ऐसा व्यक्ति जीवन में किसी भी परेशानियों से बेखौफ होकर टकरा सकता है। साथ ही ऐसे लोग सदैव युवा ही दिखते हैं। हम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की क्षेत्रीय शाखा के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने यहां आज खेल को आयोजित कराया है। साथ ही जीतने वाली करेंट टीम को बधाई व शुभकामनाएं देते हैं और हारनेवाली टीम का हौसला अफजाई करते हैं कि गिरते हैं सहसवार ही मैदान ए जंग में, वो तिफ्ल क्या गिरे जो घुटनों के बल चले।

बतौर विशिष्ट अतिथि महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा के प्रधानाचार्य प्रो. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि खेल ना केवल सिर्फ मनोरंजन का हिस्सा है बल्कि आज के जमाने में स्वस्थ रहने की सबसे बड़ी विधा है। पहले के जमाने में लोग पैदल व साईकिल से चलते थे तो वो स्वस्थ रहते थे लेकिन आज के भौतिक सुखों के दौर में लोग आरामतलबी हो गये हैं इसीलिए खेल की भूमिका और भी बढ़ जाती है। खेल दौलत व शोहरत से ज्यादा आज फिटनेस के ख्याल से भी काफी अहम हो गया है। आप देखते हैं कि मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति अपने यशस्वी नेतृत्व में सदैव खेलों के प्रति सक्रिय हैं। इस दिशा में कुलपति महोदय का क्या कहना। इस उम्र में वो जितना चुस्त-दुरुस्त व सक्रिय हैं मानो युवा उनके सामने फेल हो जाय। कोई भी साल ऐसा नहीं होता जब इस कैंपस में महीनों तक दर्जनों खेल का आयोजन नहीं होता है। ये कुलपति महोदय के दृढ़ संकल्पता का प्रतीक है। वैसे भी हमारे कुलपति महोदय 24×7 विश्वविद्यालय के प्रति समर्पित रहते हैं। अभी हाल ही में विश्वविद्यालय को मिला B++ ग्रेड का क्रेडिट कुलपति प्रो.सुरेंद्र प्रताप सिंह, कुलसचिव प्रो. अजय कुमार पंडित व ओजस्वी विश्वविद्यालय के अधिकारियों का नैक टीम को जाता है।

बतौर उप खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने कहा कि पहले के जमाने में कहा जाता था कि खेलोगे-कूदोगे होगे खराब, आज के जमाने में कहा जाता है खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब। यह बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। आज अगर आप खिलाड़ी हैं तो दौलत के साथ-साथ शोहरत तीव्र गति से मिलती है। स्वास्थ्य के हिसाब से तो यह आज जरूरी हो ही गया है। अब बड़े शहरों में आप देख सकते हैं कि कॉलोनी के 40+ उम्र के लोग भी स्वस्थ रहने के लिये दूधिया लाइट की रौशनी में हर जगह शाम से देर रात तक खेलते नजर आते हैं। इस दिशा में कुलपति महोदय सदैव मिथिला विश्वविद्यालय में खेलों के प्रति छात्रों का हौसलाअफजाई करते हैं। अभी इनके कार्यशैली का नतीजा ही है कि मिथिला विश्वविद्यालय की खेल की कई विधा की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराकर मिथिला विश्वविद्यालय का नाम रौशन किया है।

बतौर दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. हरेकृष्ण सिंह ने दोनों टीमों की बधाई देते हुए इस प्रकार के आयोजन पर जोर दिया और कहा कि इस प्रकार की खेलें अवश्य होनी चाहिये। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया जो कि दरभंगा का अग्रणी बैंक है आज इस प्रकार के आयोजन के लिये धन्यवाद के पात्र हैं। वैसे भी हमारे कुलपति खुद भी खेल के प्रति बहुत सक्रिय हैं। उनके कार्यशैली का बेहतर परिचायक का परिणाम है विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में भी नित्य नये आयाम रच रहा है।

इस दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक कुमार उदयन ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन बिहार शिक्षा परियोजना प्रशिक्षक सह प्रदेश महासचिव युवा जदयू बिहार, शंकर कुमार सिंह ने किया। इस दौरान मिथिला विश्वविद्यालय के कई अधिकारी व सेंट्रल बैंक के कई शाखा प्रमुख उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *