मृतक की पहचान अठुली नट (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्थानीय बाजार निवासी नाच पार्टी चलाने वाली मीना कुमारी का पुत्र था। उसकी गला दबाकर हत्या के बाद शव को नहर में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल पर जुटी भीड़ में युवक की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं सुनने को मिलीं। लोगों का कहना है कि अठुली मिठाई व चाय की दुकान पर काम कर खुद के साथ अन्य स्वजनों के भरण-पोषण में सहयोग करता था।
इधर, दुर्गापूजा के बाद से दुकान का काम छोड़ कर वह अन्य जगह मजदूरी करने लगा था। वह शराब का सेवन भी करता था। कुछ लोग घटना को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं।
थानाध्यक्ष आदित्य कुमार के अनुसार प्रथमदृष्टया गला दबाकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। शरीर के अन्य भागों पर कहीं कोई निशान नहीं मिला है। वैसे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।





