नर्स से प्रेम प्रसंग के चक्कर में डॉक्टर की गोली मारकर हुई हत्या, आरोपी की तलाश कर रही पुलिस।
नालंदा : झोलाछाप डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. आरएमपी डॉक्टर की हत्या का आरोप उसके घरवालों ने साथ काम करने वाली एक नर्स और उसके परिवार के लोगों पर लगाया है. मृतक की पहचान बेन थाना क्षेत्र के कौआकोल के रहने वाले मिथिलेश प्रसाद के 30 वर्षीय बेटे निरंजन पाल के रूप में हुई है. घरवालों ने बताया कि सोमवार शाम डॉक्टर को उसके साथ काम करने वाली नर्स बुलाकर ले गई थी. इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. मामला हिलसा थाना क्षेत्र के पैदापुर गांव का है.
मृतक झोलाछाप डॉक्टर निरंजन पाल बेन बाजार में जीवन ज्योति नामक क्लीनिक चलाता था. उसके क्लीनिक में एक नर्स भी काम करती थी. बताया जा रहा है कि डॉक्टर का उस नर्स से ही पिछले 6 महीने से चक्कर चल रहा था. इसको लेकर डॉक्टक और उसकी पत्नी में अक्सर लड़ाई होता था. उसकी हत्या कर दी गई और शव को घर के सामने खलिहान पर हत्यारों ने फेंक दिया.
हत्या की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर उसके परिजनों को इसकी खबर दी. इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
वहीं मृतक की मां ने नर्स और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतक की मां माया देवी ने कहा कि उसके बेटे को नर्स बुलाकर ले गई और फिर उसके घरवालों ने उसकी हत्या कर दी. वहीं ये बात भी सामने आ रही है कि नर्स और डॉक्टर के चक्कर से नर्स का पूर्व प्रेमी नाराज था. प्रेमिका के साथ झोलाछाप डॉक्टर के प्रेम प्रसंग को वह बर्दाश्त नहीं कर पाया और फिर उसने उसके सीने में तीन गोलियां उतार दी.
वहीं मामले में पुलिस ने कहा है कि युवक को तीन गोली मारी गई है. उसके सीने और सिर में गोली मारी गई जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या किसने और क्यों की ये पता लगाया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
