पिता को पैसे नहीं मिले तो गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से कर दी बेटे की हत्या।
कटिहार : सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पिता को पैसा नहीं देना एक बेटा को महंगा पड़ गया और पिता ने उसे कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला।
मामला पोठिया थाना क्षेत्र के मलहरिया पंचायत स्थित वार्ड नंबर चार की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुरेश मंडल ऊर्फ गेना मंडल के रूप में की गई है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मलहरिया निवासी बुद्धदेव मंडल ने अपने बेटे सुरेश मंडल ऊर्फ गेना मंडल से पैसे की मांग की थी। जब बेटे ने पैसे नहीं दिए तो गुस्साए पिता ने कुल्हाड़ी से हमला कर बेटे की जान ले ली।
ऐसे में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पिता मानसिक रूप से परेशान है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिता और बेटे के बीच अक्सर पैसों को लेकर विवाद होता रहता था। सोमवार को सुरेश मंडल सब्जी बेचकर घर पहुंचा था। पहले से घर पर मौजूद पिता बुद्धदेव मंडल ने बेटे से पैसे की मांग की।
वहीं, बेटे ने जब बाप को पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद होना शुरू हो गया। इस दौरान गुस्सा में आकर पिता ने घर में रखी कुल्हाड़ी से बेटे के गले के पास वार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही बेटे की मौत हो गई।
