Featuredदरभंगाप्रादेशिक

पहले से शादीशुदा पति ने की तीन बच्चों की मां के साथ दूसरी शादी, मां–बेटे, दूसरी पत्नी पुलिस की गिरफ्त में।

दरभंगा: जिले के बिरौल थानाक्षेत्र के अमाही गांव निवासी प्रदीप सदा द्वारा अपनी पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी शादी करना महंगा पड़ा है। उसे अपनी मां और दूसरी पत्नी के साथ हवालात की हवा खानी पड़ी है। पहली पत्नी द्वारा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उपरोक्त तीनो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले को लेकर दिए आवेदन में प्रदीप सदा की पहली पत्नी अनिला देवी ने बताया है कि प्रदीप सदा से उसकी शादी 12 वर्ष पूर्व हुई थी। उसे 5 साल एवं तीन साल की दो बेटियां हैं तथा उसके पेट में आठ माह का गर्भ पल।रहा है। उसका पति प्रदीप सदा चार महीने पहले मजदूरी केलिए दिल्ली गया। वहीं उसने तीन बच्चों की मां सविता देवी से शादी कर ली और उसे उसकी सौतन बनाकर घर ले आया।

अनिला देवी ने जब इसका विरोध किया तो पति प्रदीप सदा, सौतन सविता देवी तथा सास अनारकली देवी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

अनिला देवी ने बताया कि इसको लेकर पंचायत भी हुआ। फिर भी उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। यहां तक कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को मारने की नीयत से उसके पेट पर भी लात मारा गया।

महिला थानाध्यक्ष नुसरत जहां ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर तीनो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *