Friday, October 23, 2026
Latest:
Featuredदरभंगाप्रादेशिक

शिक्षक द्वारा स्कूली छात्र की जबरदस्त पिटाई के कारण अस्पताल में होना पड़ा भर्ती, दरभंगा का है मामला।

बिहार के दरभंगा जिले में सरकारी स्कूल के शिक्षक द्वारा एक छात्र को पीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पिटाई से छात्र के शरीर पर चोट के निशान बन गए। गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। यह मामला सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के मनिकौली पंचायत के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मनिकौली पंचायत के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक ने एक छात्र को पीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल छात्र की पहचान स्थानीय शेढ़ा टोल निवासी अशोक पासवान के बेटे विकास कुमार पासवान (15) के रूप में की गई है। मंगलवार की दोपहर घायल छात्र को इलाज के लिए सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र विकास की मां मरनी देवी ने बताया कि स्कूल के सहायक शिक्षक राज कुमार महतो ने उनके बेटे की छड़ी से पूरे शरीर पर बेरहमी पिटाई कर दी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. प्रेमचंद प्रसाद ने बताया कि छात्र की पीठ और बांह पर कई जख्म के निशान पाए गए हैं।

इलाजरत घायल छात्र विकास कुमार ने बताया कि विद्यालय के वर्ग आठ में केवल चार से पांच छात्र उपस्थित थे। जबकि वर्ग सात में 20 से 25 छात्र मौजूद थे। बच्चों की कम उपस्थिति को देख कर शिक्षक ने आदेश दिया कि दोनों वर्ग सात और आठ के विद्यार्थियों की कक्षा सात में एक जगह बैठाने की व्यवस्था की जाए। आदेश मिलते ही छात्र विकास कुमार पासवान कक्षा आठ से कक्षा सात में पढ़ने गया। इस बीच कक्षा सात में मौजूद आरोपी शिक्षक राजकुमार महतो ने छड़ी से छात्र विकास की पिटाई शुरू कर दी।

घायल छात्र के सहपाठी जिग्नेश कुमार ने बताया कि अधिक पिटाई देख जब अपने मित्र विकास कुमार को बचाने गया। इस पर आरोपी शिक्षक ने जिगनेश को भी पीट कर क्लास से भगा दिया। घायल छात्र की मां मरनी देवी ने बताया कि घटना की सूचना के बाद चाइल्डलाइन के प्रखंड समन्वयक मनोहर झा और टीम लीडर सुनील पासवान ने विकास को इलाज के लिए सिंहवाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया है, जहां स्लाइन और दवा दी जा रही है।

इस बारे में डीपीओ सह प्रभारी बीईओ रवि कुमार ने घटना से अनभिज्ञता जाहिर कर कहा कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। घटना की जांच कर दोषी शिक्षकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *