सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में द्वितीय चरण की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

आईपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू एवं 24 घंटे प्रसव सेवा के संचालन को लेकर तैयारियों की समीक्षा
मूलभूत सुविधाएं ससमय पूर्ण कराने का निर्देश

जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज सदर अस्पताल, गंगवाड़ा का निरीक्षण कर द्वितीय चरण में प्रारंभ की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर निर्माण, आधारभूत संरचना, चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं तथा अन्य तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से द्वितीय चरण में शुरू होने वाली सेवाओं के संचालन हेतु की जा रही तैयारियों के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि सदर अस्पताल,गंगवाड़ा में द्वितीय चरण के अंतर्गत आईपीडी, इमरजेंसी सेवा, आईसीयू तथा 24 घंटे प्रसव सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इन सेवाओं के प्रारंभ होने से जिले के मरीजों को बेहतर एवं व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी तथा गंभीर मरीजों एवं प्रसव संबंधी मामलों में त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में बीएमएसआईसीएल के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं एवं आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि द्वितीय चरण की स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुचारू एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।
उन्होंने अस्पताल में बिजली, पानी, स्वच्छता, आवश्यक उपकरण, मरीजों एवं परिजनों के लिए सुविधाओं सहित अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अस्पताल में इलाजरत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा उपचार के दौरान उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने मरीजों से चिकित्सकीय सेवाओं, दवा, जांच एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में फीडबैक लिया तथा संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। अस्पताल में चरणबद्ध रूप से सुविधाओं का विस्तार कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।

निरीक्षण के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, अधीक्षक डीएमसीएच डॉ. जगदीश चंद्रा, उपाधीक्षक डीएमसीएच डॉ. अमित कुमार झा, प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल, गंगवाड़ा-सह-स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य श्री प्रभात कुमार राजू, डीसीएम श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
