Featured

प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,विजेता खिलाड़ी राज्य स्तर पर लहराएंगे परचम


उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, बोले—2030 राष्ट्रमंडल खेलों में दरभंगा प्रमंडल के खिलाड़ी पहुंचें तो होगा गौरव का क्षण
शतरंज, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और कुश्ती में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,पहले दिन कई खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

दरभंगा,मधुबनी और समस्तीपुर जिले के बालक और बालिकाओं ने लिया प्रतियोगिता में भाग l
प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का सोमवार को नेहरू स्टेडियम,लहेरियासराय में भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह विशेष कार्य पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार एवं जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
संबोधन में उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने कहा कि भारत खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में यदि दरभंगा प्रमंडल के खिलाड़ी पहुंचकर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो यह हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य की बात होगी।

उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने को कहा।
अपर समाहर्ता राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यहां के खिलाड़ी प्रमंडल से आगे राज्य स्तर पर भी अपना नाम रौशन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने कहा कि सभी खिलाड़ी अनुशासन और धैर्य के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि यहां से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर दरभंगा प्रमंडल का नाम रौशन करेंगे। खिलाड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। शतरंज प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अंडर-14 में हर्षवर्धन सिंह, अंडर-17 में आर्यन कुमार तथा अंडर-19 में प्रिंस पासवान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में अंडर-14 में मनीषा यादव, अंडर-17 में वैष्णवी कुमारी तथा अंडर-19 में खुशी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

टेबल टेनिस में भी खिलाड़ियों का दमखम टेबल टेनिस के अंडर-14 बालक वर्ग में दरभंगा के भास्कर भानु विजेता रहे, जबकि मधुबनी के मनदीप कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में मधुबनी की वैष्णवी कुमारी विजेता एवं दरभंगा की साक्षी कुमारी उपविजेता रहीं।
अंडर-17 बालक वर्ग में मधुबनी के आदित्य आनंद विजेता एवं दरभंगा के सिद्धांत उपविजेता रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग में मानसी कुमारी विजेता एवं सरस्वती उपविजेता रहीं।
वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में मधुबनी की सृष्टि शोभा विजेता तथा दरभंगा की स्मिता उपविजेता रहीं। वॉलीबॉल के अंडर-14 बालिका वर्ग में दरभंगा विजेता एवं मधुबनी उपविजेता रही।
अंडर-17 बालिका वर्ग में भी दरभंगा विजेता एवं मधुबनी उपविजेता रही। अंडर-19 बालिका वर्ग में दरभंगा विजेता तथा मधुबनी उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में दरभंगा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
56 किलोग्राम में आयुष कुमार, 60 किलोग्राम में पृथ्वीराज, 65 किलोग्राम में श्रेहाल भारद्वाज, 71 किलोग्राम में सुधांशु सिंह, 79 किलोग्राम में अनुभव कुमार झा, 88 किलोग्राम में सादिक शहजाद तथा 98 किलोग्राम भार वर्ग में ऊर्जा कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
कुश्ती में अंडर-19 बालक वर्ग में मधुबनी के अंकित कुमार ने प्रथम स्थान,अंडर 17 बालक वर्ग में दरभंगा के मोहम्मद मेहताब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता के पहले दिन शतरंज, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, कराटे, बॉक्सिंग, वॉलीबॉल, फ्री स्टाइल कुश्ती, ग्रीको रोमन कुश्ती एवं भारोत्तोलन खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने बताया कि 6 अक्टूबर को प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के तहत एथलेटिक्स, बास्केटबॉल एवं खो-खो की प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी।

उन्होंने बताया कि एथलेटिक्स का खेल नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में खेला जाएगा, जबकि बास्केटबॉल की प्रतियोगिता होली मैरी इंटरनेशनल स्कूल में तथा खो-खो का खेल नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में खेला जाएगा।इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में दरभंगा प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बने खिलाड़ियों में राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह है। प्रतियोगिता के दौरान मंच संचालन एवं विभिन्न खेलों के परिणामों के संकलन की जिम्मेदारी अवकाश प्राप्त शिक्षक रवींद्र कुमार सिंह, प्लस टू उच्च विद्यालय अनुमंडल परिसर के केशव कुमार चौधरी, निशांत कुमार एवं कुमार अनुराग, राकेश कुमार कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *