डीएम की अध्यक्षता में भू अर्जन परियोजनाओं को लेकर हुई बैठक

भू-अर्जन परियोजनाओं में मुआवजा भुगतान एवं एलपीसी निर्गमन में तेजी लाने का निर्देश
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत विभिन्न भू-अर्जन परियोजनाओं की प्रगति, मुआवजा भुगतान एवं संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, संबंधित अनुमंडल के भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) एवं संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी उपस्थित थे।बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए किए जा रहे भू-अर्जन कार्य की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित मामलों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु शोभन-एकमी बाईपास एवं लॉजिस्टिक पार्क से संबंधित भू-अर्जन कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रैयतों को मुआवजा भुगतान में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित कर भुगतान की कार्रवाई तीव्र गति से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित मौजा में जाकर विशेष कैंप का आयोजन करें तथा रैयतों को एलपीसी प्रमाण-पत्र) निर्गत करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से रैयतों की समस्याओं एवं दस्तावेजों से संबंधित मामलों का मौके पर ही यथासंभव समाधान किया जाए, ताकि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया।

बैठक में भू-अर्जन से संबंधित अन्य लंबित मामलों एवं परियोजनावार प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
