Featured

आई.सी.डी.एस की योजनाओं की प्रगति की डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा

पोषण ट्रैकर के आंकड़ों का नियमित सत्यापन एवं अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश

भूमि विहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए शीघ्र भूमि चिन्हित करने तथा लंबित भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना में शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में समेकित बाल विकास सेवाएँ (ICDS) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम आंगनवाड़ी सेविका/ सहायिका के स्वीकृत पदों के विरुद्ध कार्यरत बल के संबंध में जानकारी लिया।

बैठक में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं ने भाग लिया।

बैठक में पोषण ट्रैकर पर दर्ज लाभुकों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति, पोषण संबंधी सेवाओं की प्रगति तथा पोषण ट्रैकर पर आंकड़ों के अद्यतन एवं शुद्धता की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में बताया गया की आभा आईडी पर 0 से 6 वर्ष के बच्चों को रजिस्ट्रेशन किया जाता है, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी किरतपुर द्वारा अपेक्षाकृत कम किया गया है।जिलाधिकारी ने दो दिनों के अंदर शतप्रतिशत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर अभय आईडी बनाना सुनिश्चित करें तथा उन्होंने जिला स्तरीय कोऑर्डिनेटर को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर पर दर्ज सभी आंकड़ों का नियमित अनुश्रवण एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पात्र लाभुकों को संबंधित योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।समीक्षा के क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए भूमि की उपलब्धता एवं चिन्हित भूमि की स्थिति की भी जानकारी ली गई। जिन आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित पदाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए भवन निर्माण की प्रगति, लंबित निर्माण कार्यों एवं निर्माणाधीन भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना (MKUY) के अंतर्गत लाभुकों को आच्छादित किए जाने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केन्द्रों के सुचारू संचालन, केन्द्रों के नियमित खुलने, बच्चों की उपस्थिति, पूरक पोषाहार, टीकाकरण, स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा सहित अन्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं प्रखंड समन्वयकों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों का अनुश्रवण एवं निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र में आई.सी.डी.एस की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा लाभुकों तक सेवाओं की गुणवत्तापूर्ण पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी/कर्मी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।

बैठक में आई.सी.डी.एस के अंतर्गत संचालित अन्य सभी योजनाओं, आंगनबाड़ी केन्द्रों के सुचारू संचालन एवं लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह एवं सभी प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उपस्थित थे l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *