दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल भवन निर्माण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण
निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा अस्थायी पहुंच पथ के निर्माण में शीघ्र कार्रवाई का दिया निर्देश
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज दरभंगा निर्माणाधीन एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का स्थल निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी एवं अधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के लिए प्रस्तावित अस्थायी पहुंच पथ (एप्रोच रोड) के निर्माण से संबंधित स्थल का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए अस्थायी पहुंच पथ के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एयरपोर्ट टर्मिनल भवन निर्माण कार्य में अपेक्षित गति लाई जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट निदेशक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार गौरव,पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री सुनील कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री रवि कुमार आर्य तथा संबंधित विभागों के अभियंतागण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे l
