डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर,न्यूरो सर्जरी ओटी एवं आईसीयू आदि बिंदुओं पर हुई समीक्षा
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता,चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधीक्षक को मरीजों को अत्याधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अत्याधुनिक न्यूरो सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) एवं आईसीयू के समीक्षा के उपरांत इसे सोमवार दिनांक 07.09.2026 से क्रियाशील करने का निर्देश अधीक्षक को दिया गया। साथ ही, कैथ लैब को भी प्रारंभ करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र करने का निर्देश दिया गया, ताकि गंभीर मरीजों की जांच एवं उपचार की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में सर्जिकल सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर सिविल सर्जन एवं डीपीएम, स्वास्थ्य को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी संसाधन, चिकित्सकीय व्यवस्था एवं मानव संसाधन की उपलब्धता एवं उनका प्रशिक्षण शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में सिजेरियन डिलीवरी, सामान्य सर्जरी सहित अन्य आवश्यक सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी की जाए, ताकि मरीजों को छोटी एवं आवश्यक सर्जरी के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता कम हो तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सके।

उन्होंने अस्पताल में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की भी जानकारी ली तथा मरीजों के उपचार में उपयोग होने वाले सभी जरूरी उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
