मिथिला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दरभंगा जिला स्तरीय रेड रन-2026 प्रतियोगिता में 70 से अधिक व्यक्तियों की हुई सहभागिता
रेड रन-2026 के पुरुष वर्ग में सीएम कॉलेज के आलोक कुमार तथा महिला वर्ग में एमआरएम कॉलेज की मुस्कान कुमारी ने पाया प्रथम स्थान
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा परिसर में ”दरभंगा जिला स्तरीय रेड रन-2026 प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया, जिसमें दरभंगा जिला के रेड रिबन क्लब के नोडल पदाधिकारी डॉ आर एन चौरसिया, एनएसएस समन्वयक- 02 डॉ शबनम कुमारी, एनएसएस पदाधिकारियों में पीजी इकाई के डॉ सोनू राम शंकर, सी एम साइंस कॉलेज के डॉ युगेश्वर साह, आरबी जालान बेला कॉलेज के प्रो शिव नारायण राय, जेके कॉलेज, बिरौल के डॉ शंभू पासवान, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना से रिसोर्स पर्सन शिवम कुमार, एनएसएस सहायक अमित कुमार झा, रवीन्द्र कुमार सिंह, समरेश कुमार, सीएम कॉलेज, सीएम साइंस कॉलेज, आरबी जालान बेला कॉलेज, एमआरएम कॉलेज, महात्मा गांधी कॉलेज, एमएलएसएम कॉलेज, बीएड (रेगुलर) विभाग तथा स्नातकोत्तर विभाग के 34 प्रतिभागियों सहित कुल 70 से अधिक व्यक्तियों में भाग लिया।
दौड़ प्रतियोगिता को डॉ आर एन चौरसिया एवं डॉ शबनम कुमारी ने हरी झंडी देकर विदा किया। रेड रन के पुरुष वर्ग में सीएम कॉलेज के आलोक कुमार-प्रथम, महात्मा गांधी कॉलेज के मणि रंजन पासवान-द्वितीय, आरबी जालान बेला कॉलेज के वीरेन्द्र कुमार-तृतीय, सीएम साइंस कॉलेज के अमन कुमार-चतुर्थ तथा आरबी जालान बेला कॉलेज के सुजीत कुमार ने पंचम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में एमआरएम कॉलेज की मुस्कान कुमारी- प्रथम, शुभ लक्ष्मी कुमारी- द्वितीय एवं राजलक्ष्मी कुमारी- तृतीय स्थान, सीएम साइंस कॉलेज की सुनिधि गुप्ता-चतुर्थ तथा आरबी जालान कॉलेज की मौसम कुमारी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी 10 सफल छात्र-छात्राओं को एड्स कंट्रोल बोर्ड की ओर से सामान्य ज्ञान दर्शन, श्रेष्ठ निबंध, भाषण कला, व्यक्तित्व विकास, इंप्रूव योर पर्सनैलिटी, भारतवर्ष की चर्चित महिलाएं, सामान्य ज्ञान एवं व्यक्ति परिचय तथा सामान्य ज्ञान करेंट अफेयर्स कौन क्या है, नामक 8-8 पुस्तकों का सेट एवं रैंक प्रमाण पत्र प्रदान कर हौसला-अफजाई किया गया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को आयोजक द्वारा सहभागिता प्रमाण पत्र दिया गया।
डॉ चौरसिया ने बताया कि युवाओं में एचआईवी/एड्स एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता हेतु राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, नई दिल्ली के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर रेड रन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें रेड रिबन क्लब के छात्र-छात्राएं, एनएसएस के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं अन्य छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं। बिहार में समिति द्वारा तीन चरणों- कॉलेज, जिला एवं राज्य स्तर पर भौतिक रूप से रेड रन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
एनएसएस समन्वयक-02 डॉ शबनम कुमारी ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एड्स जागरूकता, स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक जीवन शैली को बढ़ावा देना है। यह समाज में स्वास्थ्य, सामाजिक जिम्मेदारी एवं एकता का संदेश फैलाने का अभियान है। दौड़ प्रतियोगिता के प्रारंभ में संसाधन पुरुष शिवम कुमार ने रेड रन-2026 के नियमों से प्रतिभागियों को अवगत कराते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता 01 से 22 जुलाई के बीच बिहार के सभी 38 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता अगस्त माह के अंत में या सितंबर के शुरुआत में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक जिला से सर्वश्रेष्ठ तीन छात्र एवं तीन छात्राएं भाग लेंगे, जिसमें सफल सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं का चयन कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हेतु भेजा जाएगा।